Hindi News

चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, एक्टर को चुकाने पड़े 1.5 करोड़ रुपये

Written by:Banshika Sharma
Published:
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है। आठ दिन तक तिहाड़ जेल में बंद रहे एक्टर ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा कर दिया है। अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, एक्टर को चुकाने पड़े 1.5 करोड़ रुपये

दिल्ली हाई कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। आठ दिन की जेल के बाद एक्टर को रिहाई मिल गई है। कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से पहले मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने को कहा था, जिसे राजपाल यादव ने पूरा किया।

16 फरवरी को दोपहर दो बजे के आसपास सुनवाई शुरू हुई। राजपाल यादव की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि एक्टर बिना किसी शर्त के फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद के जरिए 1.5 करोड़ रुपये जमा करने को तैयार हैं। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने इस शर्त को स्वीकार कर लिया।

जस्टिस ने रखी समयसीमा की शर्त

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने स्पष्ट किया कि राजपाल यादव को पैसे डिमांड ड्राफ्ट के जरिए ही भरने होंगे। अदालत ने दर्ज किया कि 25 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट पहले से रेस्पोंडेंट के नाम पर है और 75 लाख रुपये का एक और डिमांड ड्राफ्ट पहले जमा हो चुका है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव के वकील के सामने शर्त रखते हुए कहा था। अगर आप दोपहर तीन बजे तक 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा कर देते हैं तो हम आपको रिहा कर देंगे, वरना 17 फरवरी को सुबह फिर से सुनवाई होगी। राजपाल यादव ने निर्धारित समय में ही राशि जमा कर दी।

5 करोड़ का मामला अब 11 करोड़ का

राजपाल यादव के वकील ने 12 फरवरी को मीडिया से बातचीत में कहा था कि ओरिजिनल केस 5 करोड़ रुपये का था, लेकिन अब यह बढ़कर 11 करोड़ रुपये हो गया है। वकील ने बताया कि अब तक इस मामले में 2.5 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। पहले रजिस्ट्री में करीब एक करोड़ रुपये जमा किए गए थे।

आज राजपाल यादव ने 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट अदालत में जमा किया, जिससे अब तक कुल मिलाकर चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मुरली प्रोजेक्ट्स को दी जा चुकी है।

अगली सुनवाई 18 मार्च को

राजपाल यादव के इस केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी है। तिहाड़ जेल में आठ दिन बिताने के बाद अब एक्टर को जमानत पर रिहाई मिल गई है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि बाकी बची राशि के भुगतान और केस से जुड़ी अन्य कानूनी प्रक्रियाओं पर अगली तारीख को सुनवाई की जाएगी।

मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ चल रहे इस वित्तीय विवाद में राजपाल यादव को अब तक काफी पैसा चुकाना पड़ा है। अभिनेता की ओर से कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए नियमित रूप से राशि जमा की जा रही है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !