धुरंधर 2 ने केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे नहीं गाड़े हैं बल्कि उन कलाकारों को भी स्टार बना दिया है जो सालों से गुमनामी के अंधेरे में डूबे हुए थे। आदित्य धर ने रणवीर सिंह के किरदार के अलावा अन्य किरदारों को भी बहुत मजबूती से पेश किया है। जमील जमाली का किरदार निभाकर राकेश बेदी भी सभी का दिल जीत चुके हैं।
अपने इस कैरेक्टर से उन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। उनके जितने भी डायलॉग है वह लोगों को बहुत पसंद आए हैं, खासकर बच्चा है तू मेरा हर जगह छा गया है। अब इस फिल्म की सफलता के साथ राकेश के हाथ नया प्रोजेक्ट लग गया है, जिसकी उन्होंने शूटिंग शुरू कर दी है। इस बारे में उन्होंने खुद जानकारी दी है और यह भी बताया है कि धुरंधर 3 नहीं आने वाली है।
ये भी पढ़ें
क्या बोले राकेश
धुरंधर 2 की सफलता पर बात करते हुए राकेश ने कहा कि यह ब्लॉकबस्टर रही और कमाई भी अच्छी कर रही है। फिल्म का कंसेप्ट और निर्देशन आदित्य धर का है। हमने तो केवल कलाकार के तौर पर काम किया है। हमें जो करने को कहा गया था हमने वह किया, असली मेहनत तो आदित्य की है।
अपने किरदार के बारे में एक्टर ने कहा कि “हर किरदार के लिए मेहनत करनी पड़ती है। जैसे हम विराट कोहली को छक्का मारते हुए देखते हैं। वह देखने में बहुत आसान लगता है लेकिन असल में नहीं होता। ऐसे ही हर किरदार को निभाने से पहले बहुत कुछ करना पड़ता है।” रणवीर सिंह के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि “जिस तरह से किरदार की मांग थी सभी किरदारों में वैसा ही रोल प्ले किया है। मेरा किरदार रणवीर को बचाने का था क्योंकि अगर कोई स्पाई दूसरे देश में जाता है तो उसे बचाने वाला होना चाहिए।”
आदित्य के बारे में कही ये बात
राकेश बेदी ने बताया कि जमील जमाली का किरदार नेगेटिव है और आदित्य को लगा कि मैं यह कर सकता हूं। मुझे वैसा विलेन नहीं बनाया गया जैसी छवि भारतीय सिनेमा में रही है। टेढ़ी आंखों वाला और एक्शन करते हुए विलेन सब ने देखा है लेकिन मुझे चालक और मेरे डायलॉग मेरा बच्चा है तू वाला विलेन बनाया गया है।
इस फिल्म में आएंगे नजर
राकेश बेदी के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बात करें तो वह एक नहीं बल्कि दो फिल्मों में दिखाई देने वाले हैं। वह वरुण धवन की फिल्म ‘जवानी तो इश्क होना है’ और प्राइम वीडियो की सीरीज ‘राख’ में दिखाई देने वाले हैं। दोनों ही प्रोजेक्ट्स की शूटिंग लगभग पूरी हो गई है और जल्द ही इनकी रिलीज का अनाउंसमेंट किया जाएगा। अब वो दर्शकों का किस अंदाज में मनोरंजन करते हैं, यह देखने वाली बात होगी।