रणवीर सिंह के फैंस उनकी आने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन रिलीज से ठीक 4 दिन पहले यह फिल्म एक बड़े विवाद में घिर गई है। फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर सिख समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई है, जिसके चलते फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक और अभिनेता रणवीर सिंह को एक कानूनी नोटिस भेजा गया है।

यह नोटिस महाराष्ट्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह द्वारा सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के जरिए सिख समुदाय की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

क्या है पूरा मामला?

विवाद का मुख्य कारण फिल्म के एक दृश्य से जुड़ा है जिसमें कथित तौर पर एक सिख किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है। नोटिस में कहा गया है कि सिख धर्म में तंबाकू का सेवन या धूम्रपान करना पूरी तरह से वर्जित है और इसे एक बड़ा पाप माना जाता है।

“सिख समुदाय में तम्बाकू का सेवन करने और स्मोक करने की सख्त मनाही है क्योंकि ये उनकी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। ऐसे में फिल्म में इस तरह के सीन्स दिखाना सिर्फ धार्मिक तौर पर असंवेदनशील नहीं है, बल्कि ये पूरे सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।”- नोटिस के अनुसार

शिकायतकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने मांग की है कि फिल्म, ट्रेलर और पोस्टरों से इन सभी आपत्तिजनक दृश्यों को तत्काल हटाया जाए। इसके अलावा, उन्होंने फिल्म निर्माताओं से इस गलती के लिए सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।

रिलीज पर पड़ेगा असर?

यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि फिल्म के निर्माता इस कानूनी नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और इसकी एडवांस बुकिंग और पेड प्रीव्यूज को भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म अपने पहले पार्ट से भी बड़ी ओपनिंग कर सकती है। इस बार फिल्म में रणवीर सिंह डबल रोल में नजर आएंगे, जो दर्शकों के लिए एक बड़ा आकर्षण है। हालांकि, इस विवाद के बाद अब फिल्म की रिलीज पर संकट के बादल मंडराते दिख रहे हैं।