चंडीगढ़: बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने गाने ‘टटीरी’ को लेकर एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। हरियाणा महिला आयोग ने गाने में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों और दृश्यों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बादशाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। आयोग के समन पर पेश होने में विफल रहने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।
मामला तब और गरमा गया जब बादशाह आयोग द्वारा दिए गए समय पर पेश नहीं हुए। उनकी ओर से वकीलों ने पेश होकर किसी प्रोफेशनल कमिटमेंट का हवाला दिया और अगली तारीख की मांग की। इस पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और पुलिस को कड़े निर्देश जारी कर दिए।
ये भी पढ़ें
आयोग ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पानीपत और पंचकूला पुलिस को बादशाह की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। भाटिया ने कहा कि बादशाह के भारत में कहीं भी शो नहीं होने दिए जाएंगे और इस संबंध में सभी जगहों पर नोटिस भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी मांग की कि बादशाह देश छोड़कर न जा सकें, इसके लिए उनका पासपोर्ट तुरंत जब्त किया जाना चाहिए।
“बादशाह को खुले शब्दों में चेतावनी दे रही हूं। अब महिला आयोग हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा के लिए खड़ा हो चुका है… महिलाओं और बेटियों को बचाने के लिए अब आयोग लठ मारने आगे आया है।”- रेनू भाटिया, चेयरपर्सन, हरियाणा महिला आयोग
क्या है पूरा ‘टटीरी’ विवाद?
यह पूरा विवाद बादशाह के ‘टटीरी’ गाने से जुड़ा है, जो 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। गाने के बोल और इसमें लड़कियों के फिल्मांकन को लेकर कई सामाजिक संगठनों और महिला आयोग ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने इस गाने को यूट्यूब से भी हटवा दिया था।
इससे पहले आयोग ने 6 मार्च को नोटिस जारी कर बादशाह को पानीपत SP ऑफिस में पेश होने का आदेश दिया था। हालांकि, उस समय बादशाह के वकील ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति मांगी थी। विवाद के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा था, “मेरे गाने टटीरी के कुछ बोल और सीन से हरियाणा के कुछ लोगों को ठेस पहुंची है। मैं खुद हरियाणा से हूं। हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दीजिए।”