Hindi News

IPL 2026 शुरू होने से पहले KKR को लगा बड़ा झटका, तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को तगड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उन्हें टी20 वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच के दौरान चोट लगी थी।
IPL 2026 शुरू होने से पहले KKR को लगा बड़ा झटका, तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन की शुरुआत से पहले ही तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के अहम तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यह खबर KKR के लिए एक बड़े झटके की तरह है, क्योंकि टीम ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

जानकारी के अनुसार, हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक वॉर्म-अप मैच के दौरान चोट लगी थी। इसी चोट के चलते उन्हें वर्ल्ड कप से भी बाहर होना पड़ा था। अब यह पुष्टि हो गई कि वह IPL 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हर्षित का बाहर होना आंद्रे रसेल के रिटायरमेंट के बाद टीम के लिए एक और बड़ा झटका है, खासकर डेथ ओवरों की गेंदबाजी के लिहाज से।

जिम्बाब्वे का घातक गेंदबाज टीम में शामिल

हर्षित राणा के बाहर होने के बाद KKR ने उनके रिप्लेसमेंट की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को कोलकाता की टीम ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने स्क्वाड में शामिल करने की घोषणा की। माना जा रहा है कि मुजरबानी ही हर्षित की जगह लेंगे। मुजरबानी का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है, उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 13 विकेट चटकाए थे और वह टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक थे।

KKR की गेंदबाजी पर पड़ेगा असर

हर्षित राणा ने पिछले आईपीएल सीजन (2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मैचों में 15 विकेट हासिल किए थे। उनकी अनुपस्थिति में गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने का जिम्मा अब अन्य गेंदबाजों पर होगा। टीम ने नीलामी में श्रीलंका के मथीशा पाथिराना को 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, जिनसे टीम को काफी उम्मीदें होंगी।

बताते चलें कि BCCI द्वारा जारी शुरुआती शेड्यूल के अनुसार, कोलकाता नाइट राइडर्स का IPL 2026 में पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। इससे पहले, टीम 14 मार्च को अपनी नई जर्सी भी लॉन्च कर सकती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews