भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव बहुत जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। कुलदीप 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से शादी करेंगे। शादी का यह भव्य समारोह उत्तराखंड के मसूरी स्थित ऐतिहासिक होटल सवोय में हो रहा है, जहां जश्न और रस्में पूरे जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
कुलदीप और उनकी होने वाली दुल्हनिया वंशिका की डांस करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं और अपने परिवार व दोस्तों के साथ इस खास मौके का आनंद ले रहे हैं। शादी के कार्यक्रम 12 मार्च से ही शुरू हो गए थे, जबकि 13 मार्च को हल्दी की रस्म अदा की गई।
क्रिकेट जगत के सितारे पहुंचे मसूरी
कुलदीप यादव की शादी में शरीक होने के लिए उनके साथी क्रिकेटर भी मसूरी पहुंच चुके हैं। भारतीय टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह समारोह में शामिल हुए। संगीत कार्यक्रम के दौरान चहल और रिंकू ने भी जमकर डांस किया, जिसके वीडियो ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी इस शादी में शिरकत करेंगे। इसके अलावा, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी समेत कई और हाई-प्रोफाइल मेहमानों के भी समारोह में पहुंचने की उम्मीद है।
होटल सवोय में भव्य तैयारी
शादी के लिए मसूरी के होटल सवोय में खास इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों के ठहरने के लिए करीब 80 कमरे बुक किए गए हैं। संगीत कार्यक्रम और मंडप की व्यवस्था होटल के अंदर ही की गई है, जहां कुलदीप और वंशिका सात फेरे लेकर एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी बनाएंगे।
Kuldeep Yadav and his wife Vanshika are very excited for their wedding both are dancing with happiness.😅❤️🔥 pic.twitter.com/ZREgVf58aO
— 𝐑𝐮𝐬𝐡𝐢𝐢𝐢⁴⁵ (@rushiii_12) March 13, 2026
बताया जा रहा है कि कुलदीप और वंशिका की सगाई पहले ही लखनऊ में एक निजी समारोह में हो चुकी थी। हालांकि, कुलदीप के व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के कारण शादी की तारीख को आगे बढ़ाना पड़ा था। अब आखिरकार दोनों एक नए जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं।






