सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां कोई भी खबर आग की तरह फैलती है। छोटी सी चिंगारी कब जंगल की बड़ी आग बन जाती है पता भी नहीं चलता। बीते ही दिन ऐसा नजारा देखने को मिला। जब बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकारों में से एक शक्ति कपूर के निधन की खबरें सामने आने लगी।
हर जगह इस बात की चर्चा हो रही थी कि शक्ति कपूर का 73 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया है। इस खबर से जहां एक्टर के फैंस हैरान हो गए थे। वहीं खुद एक्टर को भी जब इस बारे में मालूम हुआ तो वो भी शॉक हो गए। ये मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि शक्ति को खुद सोशल मीडिया के जरिए ये बताना पड़ा कि उन्हें कुछ नहीं हुआ है और वो सही सलामत हैं। हालांकि, इस दौरान वो अफवाह फैलाने वालों पर नाराज होते और उनके खिलाफ लीगल एक्शन लेने की बात करते दिखाई दिए।
मौत की फर्जी खबर पर शक्ति कपूर का रिएक्शन
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कुछ पोस्ट में ये बताया गया कि शक्ति कपूर का निधन हो गया है। ये सुनकर फैंस काफी घबरा गए थे। जैसे ही एक्टर तक ये खबर पहुंची उन्होंने चुप रहने की जगह तुरंत एक्शन लिया। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने बताया कि वो एकदम ठीक हैं। एक्टर ने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर करते हुए इस बारे में जानकारी दी।
एक्टर बोले लीगल एक्शन लूंगा
वीडियो में शक्ति कपूर को ये कहते हुए देखा गया कि मेरी मौत की खबर पूरी तरह से अफवाह है। मैं एकदम स्वस्थ और खुश हूं, इन बातों को इग्नोर करें। मैं इसकी शिकायत करने जा रहा हूं, ये ठीक नहीं है। वीडियो में एक्टर शांत नजर आ रहे थे लेकिन उनके शब्दों से निराशा झलक रही थी। वो इस बात पर जोर देते दिखाई दिए कि इस तरह की अफवाह न केवल हस्तियों के लिए बल्कि उनके प्रियजनों, परिवार और चाहने वालों के लिए विचलित करने वाली होती है।
View this post on Instagram
न करें सोशल मीडिया का दुरुपयोग
शक्ति के कहा कि जिन लोगों ने उनकी मौत की झूठी अफवाह फैलाई है, वो उनके खिलाफ लीगल एक्शन लेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग गलत जानकारी या अफवाह फैलाने के लिए बिल्कुल नहीं किया जाना चाहिए। खासकर किसी की मौत होने जैसी खबर के बारे में तो बिल्कुल भी नहीं। एक्टर का वीडियो देखने के बाद फैंस ने जमकर रिएक्शन दिए हैं। कमेंट सेक्शन में लोग तरह तरह की बातें करते दिखाई दिए।
एक्टर का फिल्मी करियर
शक्ति कपूर के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 700 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। वो कॉमेडी से लेकर विलेन तक के किरदार में नजर आए हैं। अपने हर किरदार को उन्होंने पर्दे पर इतनी रियलिटी के साथ पेश किया है कि कुछ तो आज भी दर्शकों के दिल में बसे हुए हैं। 1977 फिल्म खेल खिलाड़ी का से उन्होंने एक्टिंग करियर शुरू किया था। 80 के दशक में आई रॉकी और कुर्बानी जैसी फिल्मों में उनका विलेन अवतार बहुत पसंद किया गया। हाल ही में वो मेरे हसबैंड की बीवी में नजर आए थे।






