देवास कलेक्ट ऋतुराज सिंह ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव और पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए है। साथ ही 10 अधिकारियों का वेतन काटने (2) और वेतन-वृद्धि (8) रोकने के भी निर्देश दिए हैं। कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट कहा कि आगामी समीक्षा बैठक तक यदि शिकायतों का निराकरण नहीं किया गया तथा विभागों की ग्रेडिंग में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी।
दरअसल, गुरुवार (7 मई 2026) को देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कार्यालय सभाकक्ष में विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की और एक-एक प्रकरण को संघनता से देखा । साथ ही शिकायतों के निराकरण में देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधितों पर कार्रवाई के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में A-ग्रेड में रहे। अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से बात कर उनकी समस्या को समझें, जब शिकायतकर्ता समाधान से पूरी तरह संतुष्ट हो, तभी शिकायत को बंद किया जाए। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि एल-1 स्तर से जो भी जवाब दर्ज किया जा रहा है, उसे वे स्वयं देखें और तथ्यों की जांच करें। बिना ठोस निराकरण और जांच के रिप्लाई फाइल न किया जाए।
इन कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
- कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर सीमांकन संबंधी प्राप्त शिकायत को 1 वर्ष से अधिक समय हो जाने पर भी निराकरण ना करने व कार्य में लापरवाही बरतने पर उदयनगर के पटवारी पूनमचंद देवड़ा को निलंबित करने के निर्देश दिये।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के पोर्टल पर एंट्री नहीं करने पर पीओ पीएम आवास योजना रंजना जोशी का 07 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
- 1 वर्ष से अधिक समय हो जाने पर भी आधार कार्ड अपडेट न करने की शिकायत पर ग्राम खारिया सचिव छोटेलाल चौहान को निलंबित करने के निर्देश दिये।
- सीएम हेल्पलाइन शिकायत को अनावश्यक रूप से ट्रांसफर करने पर सोनकच्छ जनपद बीपीओ कैलाश इवने का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
इनकी वेतनवृद्धि रोकी
- मनरेगा तहत किये गये कार्य का भुगतान न करने संबंधी शिकायत पर खातेगांव जनपद में प्रभारी कमलेश यादव की 2 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के पोर्टल पर एंट्री नहीं करने पर सोनकच्छ में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रभारी मनीषा सोलंकी की 2 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर सीईओ जनपद सोनकच्छ गीतिका सोनी की 1 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- नेमावर सीएमओ आनंदीलाल वर्मा द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाने और कार्य में लापरवाही पर 2 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- आधार अपडेट मामले में जनपद पंचायत द्वारा भी कोई कार्यवाही नहीं किये जाने पर प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत कन्नौद दीपक मुजाल्दे की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- डेढ़ साल से अधिक समय होने पर भी पात्रता पर्ची में नाम अपडेट न करने की शिकायत पर कन्नौद जेएसओ स्वाति मशराम की 2 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
- जिला स्तर से मॉनिटरिंग नहीं करने पर जेएसओ देवास भानसिंह राय की भी 01 वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।
इन्हें शोकॉज नोटिस
- नगर परिषद सतवास में शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर सीएम हेल्पलाइन प्रभारी फकरूद्दीन शाह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- डीसीसीबी बैंक भौंरासा के बैंक मैनेजर नेपाल सिंह शर्मा द्वारा 06 माह से बैंक अकाउंट न खोले जाने की शिकायत पर शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
- केसीसी अकाउंट से बीमा राशि नहीं काटने पर किसान को बीमा क्लेम नहीं मिलने संबंधी शिकायत पर बैंक ऑफ इण्डिया के मैनेजर को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।






