गुजरात में अहमदाबाद के कालूपुर स्वामीनारायण मंदिर के गदिपति कौशलेंद्र प्रसाद महाराज के पुत्र और भावी आचार्य व्रजेंद्र प्रसाद ने अपनी पत्नी अवंतिका और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने घाटलोडिया पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और 100 करोड़ रुपए की साजिश रचने का आरोप शामिल है। घाटलोडिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक एलएल चावड़ा ने पुष्टि की है कि शिकायत दर्ज हो चुकी है और मामले की जांच जारी है।
स्वामीनाराण मंदिर के पुजारी के बेटे ने पत्नी पर लगाए आरोप
व्रजेंद्र प्रसाद का विवाह जुलाई 2024 में प्रयागराज निवासी अवंतिका से हुआ था। शादी का स्वागत समारोह अहमदाबाद में आयोजित किया गया था, जिसमें कई नामचीन लोग शामिल हुए थे। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद मतभेद शुरू हो गए। व्रजेंद्र प्रसाद का आरोप है कि एक होटल में खाना खाने के बाद वह अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। अगले दिन उन्होंने अपनी पत्नी के बैग में सफेद पाउडर का पैकेट देखा। पूछने पर पत्नी ने बताया कि वह आयुर्वेदिक दवा है। बाद में उन्होंने देखा कि अवंतिका वही पाउडर खाने में मिला रही थी, जिसके बाद उन्होंने खाना फेंक दिया।
आरोपों के अनुसार, अवंतिका ने पहले अपने भाई की पढ़ाई के लिए 3 लाख रुपए की मांग की, जो व्रजेंद्र ने एक मित्र से उधार लेकर दिए। इसके बाद अलग-अलग बहानों से लगभग 11 लाख रुपए और मांगे गए। व्रजेंद्र का कहना है कि पत्नी के पुराने फोन में मिले इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप चैट में उसने एक मित्र के साथ मिलकर उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने और 100 करोड़ रुपए की मांग कर भाग जाने की योजना बनाई थी। जब उन्होंने यह स्क्रीनशॉट प्रयागराज में पत्नी के परिवार को दिखाए, तो उन्होंने इन चैट्स को फर्जी बताया और बेटी को वापस ले जाने पर अड़ गए।
व्रजेंद्र ने आरोप लगाया है कि नारणपुरा स्वामीनारायण म्यूजियम में हुई बैठक के दौरान अवंतिका के परिवार ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और 100 करोड़ रुपए देने की मांग की। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच में जुटी है। इस पूरे मामले पर व्रजेंद्र प्रसाद ने सार्वजनिक तौर पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।





