ग्वालियर। अतुल सक्सेना| मध्यप्रदेश सरकार (MP Government) के मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख और समय तय हो जाने के बाद अब सभी संशय दूर हो गए हैं। जिन्हें मंत्री बनाया जाना है उनके पास फोन कॉल पहुँच गए हैं। जिन नेताओं को मंत्री बनाया जा रहा है उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्वालियर में सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री (Scindia Supporter) ने हालांकि अभी मंत्री पद की शपथ नहीं ली है लेकिन उनके समर्थकों ने उन्हें पहले ही बधाई दे दी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ने वाले और कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे प्रद्युम्न सिंह तोमर का नाम उस सूची में शामिल है जिसे गुरुवार को होने जा रहे मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिल रही है। जो नाम सामने आ रहे हैं उसमें प्रद्युम्न सिंह का नाम कैबिनेट मंत्री की सूची में है। हालांकि अभी इसका अधिकृत ऐलान नहीं हुआ है। बावजूद इसे तोमर समर्थकों में भारी उत्साह है जिसका प्रमाण ग्वालियर में देखने को मिल रहा है। उत्साही समर्थकों ने शपथ लेने से पूर्व ही प्रद्युम्न सिंह तोमर को कैबिनेट मंत्री बनाये जाने की बधाई दे दी। शहर के चौराहों पर बड़े बड़े होर्डिंग बैनर लगा दिये गए हैं। जिनपर प्रद्युम्न सिंह के फोटो के एक तरफ सिंधिया की फोटो और दूसरी तरफ बड़े भाई पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम देवेंद्र सिंह तोमर की फोटो है। होर्डिंग पर समर्थकों ने अपने फोटो के सत्र अन्य कई वरिष्ठ नेताओं के भी फोटो लगाए हैं। ये होर्डिंग बैनर इस समय शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।






