हिमाचल प्रदेश में हालिया आपदा के बाद केंद्र सरकार ने स्थिति का विस्तृत आकलन करने के लिए सात मंत्रियों की ड्यूटी लगाई है। चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों में यह मंत्री दौरा करेंगे और फिर दिल्ली लौटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। प्रधानमंत्री के प्रदेश दौरे के बाद यह दूसरा बड़ा कदम माना जा रहा है। शुक्रवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मनाली पहुंचीं और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। शनिवार को भी उनका दौरा जारी रहेगा। इसी कड़ी में केंद्रीय पोर्ट्स, शिपिंग एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने बंजार क्षेत्र का दौरा किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने जानकारी दी कि 14-15 सितंबर को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सराज, मंडी और कुल्लू जाएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके 13-14 सितंबर को चंबा जिले के भटियात और भरमौर क्षेत्र का दौरा करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार, जितिन प्रसाद और जाधव राव गणपत राव भी जल्द हिमाचल पहुंचेंगे। उनके दौरे की रूपरेखा अगले कुछ दिनों में तय होगी। पायल वैद्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि स्वीकृत की है। इस धनराशि से पुनर्वास कार्यों को गति मिलेगी और प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने का काम तेज होगा।
हिमाचल आपदा के चलते सात केंद्रीय मंत्री करेंगे दौरा
कुल्लू जिले में सावित्री ठाकुर ने सेउबाग पुल, बंदरोल, रायसन, डोहलूनाला और पतलीकूहल से 17 मील तक ब्यास नदी द्वारा हुई तबाही का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द सुना। खासकर महिलाओं ने राहत न मिलने की शिकायतें उनके सामने रखीं। सावित्री ठाकुर ने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और बीआरओ के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क बहाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनके साथ पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर भी मौजूद रहे।
वहीं, केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने बंजार विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बजौरा में निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल और पंचायत दियार के प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। शाम को उन्होंने तीर्थन घाटी का भी दौरा किया और कहा कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। शनिवार को वह सैंज क्षेत्र में भी आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। उनके साथ बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और कई अधिकारी मौजूद रहे। इन दौरों से केंद्र का उद्देश्य जमीनी हालात समझना और प्रभावित परिवारों तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना है।





