Hindi News

मंत्री जगत सिंह नेगी कल से किन्नौर दौरे पर, सुमरा में सामुदायिक भवन का करेगे लोकार्पण, 15 अगस्त समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

Written by:Neha Sharma
Published:
Last Updated:
राजस्व मंत्री 11 और 12 अगस्त को रिकांगपिओ स्थित आई.टी.डी.पी भवन के सम्मेलन कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों की करेंगे अध्यक्षता।
मंत्री जगत सिंह नेगी कल से किन्नौर दौरे पर, सुमरा में सामुदायिक भवन का करेगे लोकार्पण, 15 अगस्त समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी 7 अगस्त से 15 अगस्त तक किन्नौर जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वे 7 अगस्त को कल्पा पहुंचकर करेंगे। 9 अगस्त को वे किन्नौर के सुदूरवर्ती गांव सुमरा में बौद्ध सामुदायिक भवन (लाखंग) का लोकार्पण करेंगे और स्थानीय जनता की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद मंत्री नेगी शलखर, चांगो और नाको गांवों का दौरा कर वहां भी जनसमस्याओं का समाधान करेंगे।

10 अगस्त को मंत्री हांगो पंचायत में युवक मंडल द्वारा आयोजित खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत वे चूलिंग गांव में सामुदायिक भवन का शिलान्यास करेंगे और लियो तथा चूलिंग पंचायत के लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे। उसी दिन शाम को पूह में आयोजित ग्रीष्म महोत्सव के समापन समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समीक्षा बैठकों की करेंगे अध्यक्षता

राजस्व मंत्री 11 और 12 अगस्त को रिकांगपिओ स्थित आई.टी.डी.पी भवन के सम्मेलन कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। 13 अगस्त को वे वहीं परियोजना सलाहकार समिति की बैठक और वन अधिकार अधिनियम-2006 की समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान विकास योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे

अपने प्रवास के अंतिम चरण में 15 अगस्त को कैबिनेट मंत्री रिकांगपिओ में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर वे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। 16 अगस्त को वे शिमला जिले के लिए रवाना होंगे।