Hindi News

देशभर में आयोजित हुआ रोजगार मेला, हिमाचल के 93 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

Written by:Neha Sharma
Published:
देशभर के 40 स्थानों पर शुक्रवार को रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में राजधानी शिमला के सीपीआरआई परिसर में भी रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जहां केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने 93 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
देशभर में आयोजित हुआ रोजगार मेला, हिमाचल के 93 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

देशभर के 40 स्थानों पर शुक्रवार को रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन मेलों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को शुभकामनाएं दीं। इसी कड़ी में राजधानी शिमला के सीपीआरआई परिसर में भी रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जहां केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने 93 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये नवनियुक्त कर्मचारी गृह विभाग, रेलवे, केंद्रीय जीएसटी, वित्तीय सेवाएं, उच्च शिक्षा विभाग (आईआईटी मंडी), पर्यावरण एवं वन मंत्रालय और भारतीय डाक विभाग में सेवाएं देंगे। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप और मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह भी मौजूद रहे।

शिमला में 17वां रोजगार मेला

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अब तक 16 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं। केंद्र सरकार मिशन मोड में युवाओं को रोजगार देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार न केवल सरकारी नौकरियों में बल्कि निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। साथ ही, छोटे और बड़े उद्योगों की स्थापना के लिए विभिन्न योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार को एक नीति नहीं, बल्कि अभियान के रूप में शुरू किया है, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है।

राज्यमंत्री ने कर्मयोगी पोर्टल और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से नवनियुक्त कर्मचारियों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, पदोन्नति की गति और विवादों के त्वरित समाधान को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के जरिए करोड़ों युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। वर्ष 2014 तक देश में केवल 350 स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 1.60 लाख से अधिक हो गए हैं।

संजय सिंह ने कही बड़ी बात

इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने कहा कि रोजगार मेले नए भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में डाक विभाग को नोडल एजेंसी के रूप में जिम्मेदारी मिली है। बीएसएनएल के सीजीएमटी चरण सिंह, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक विभु कांत शर्मा, आयकर अधिकारी वरुण खारी और रेलवे चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिता मीना भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए के चेहरा होंगे और गठबंधन राज्य में बहुमत से सरकार बनाएगा। उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता आपस में ही उलझे हुए हैं और टिकट बंटवारे को लेकर विवादों में फंसे हैं। वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है और वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना से कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी कोने में अनाज प्राप्त कर सकता है।