इंदौर: इंदौर की बांक पंचायत क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों में बिजली की गंभीर समस्याओं, आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली और अधिकारियों की अनदेखी को लेकर कांग्रेस नेताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सिरपुर जोन विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुये बिजली व्यवस्था में सुधार और संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता सरफराज अंसारी, शादाब पटेल और शहजाद बाबा ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।

आउटसोर्स कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से चेकिंग और निरीक्षण के नाम पर आम जनता को प्रताड़ित करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के नाम उजागर करते हुए उन पर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने सिरपुर जोन के सहायक यंत्री राजेश गुप्ता की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने राजेश गुप्ता के इस्तीफे की मांग की और अवैध वसूली बंद करो जैसे नारे भी लगाये।

झूठे चालान का डर दिखाकर वसूली का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ आउटसोर्स कर्मचारी ग्रीन पार्क, राजकुमार नगर और चंदन नगर क्षेत्र में जाकर चेकिंग के बहाने मोबाइल से वीडियो बनाते हैं और रहवासियों को झूठे चालान का डर दिखाकर अवैध वसूली करते हैं। आरोप लगाया कि जांच के दौरान जांच में जिन मीटरों में कोई गड़बड़ी या चोरी नहीं पाई जाती, उन पर भी बेवजह भारी-भरकम चालान बनाकर निर्दोष उपभोक्ताओं को मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के जरिये बताया कि सहायक यंत्री राजेश गुप्ता द्वारा क्षेत्रीय रहवासियों, जनप्रतिनिधियों और यहां तक कि अधीनस्थ कर्मचारियों के फोन भी नहीं उठाए जाते हैं। वहीं दफ्तर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं की समस्याओं बिना सुने ही बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। इसके अलावा नूरानी नगर सहित आसपास की बस्तियों में स्पार्किंग का कारण बन रही कटी-फटी जर्जर केबलों को बदलने, वर्षों पुराने व ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने और झुके हुए सीमेंट के पोल हटाकर नए इंसुलेटेड तार लगाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई है।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट