MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

इंदौर के MY अस्पताल की न्यू OPD में घुसा सांप, सुबह-सुबह मचा हड़कंप

इंदौर के एमवाय अस्पताल की न्यू ओपीडी में मंगलवार सुबह खिड़की के पास सांप रेंगता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। ओपीडी खुलते ही पहुंचे मरीजों और डॉक्टरों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने मशक्कत कर सांप को बाहर खदेड़ा।
इंदौर के MY अस्पताल की न्यू OPD में घुसा सांप, सुबह-सुबह मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े एमवाय अस्पताल में सुरक्षा इंतजामों की पोल एक बार फिर खुल गई है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जब न्यू ओपीडी का ताला खुला और मरीज व डॉक्टर आने शुरू ही हुए थे, तभी कर्मचारियों की नजर एक खिड़की पर पड़ी। वहां एक सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। अस्पताल परिसर में सांप की खबर फैलते ही डॉक्टरों, कर्मचारियों और इलाज कराने पहुंचे मरीजों के बीच अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दरवाजे और फर्श पर घूमता रहा सांप

सांप के दिखने के तुरंत बाद मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी गई। शुरुआत में कर्मचारियों ने उसे खिड़की से बाहर भगाने की कोशिश की, लेकिन सांप ओपीडी के दरवाजे और फर्श पर काफी देर तक घूमता रहा। इससे वहां मौजूद लोगों में दहशत बढ़ गई। आखिरकार महिला गार्ड और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर सतर्कता दिखाई और डंडे के सहारे काफी मशक्कत के बाद सांप को बाहर झाड़ियों की तरफ खदेड़ दिया।

पहले भी मर्चुरी और वार्डों में निकल चुके हैं जहरीले जीव

एमवाय अस्पताल में जहरीले जीवों के मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल की मर्चुरी और अन्य हिस्सों में सांप और जहरीले जीव निकल चुके हैं। कुछ ही समय पहले बच्चों के वार्ड में चूहों के कुतरने को लेकर बड़ा बवाल मचा था, जिसके बाद जिम्मेदार स्टाफ और निजी कंपनी पर गाज गिरी थी। इसके बावजूद अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा है।

रोज आते हैं हजारों मरीज

इंदौर के इस बड़े सरकारी अस्पताल में रोजाना संभाग भर से हजारों मरीज इलाज की उम्मीद में पहुंचते हैं। सुबह आठ बजे ओपीडी खुलने का समय होता है, जब पर्चा बनवाने और डॉक्टरों को दिखाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे भीड़-भाड़ वाले समय में ओपीडी परिसर के अंदर सांप का पहुंच जाना प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। गनीमत रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
इंदौर के MY अस्पताल की न्यू OPD में घुसा सांप, सुबह-सुबह मचा हड़कंप