इंदौर। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने बड़े पालदा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 हजार लीटर अवैध थिनर से भरा टैंकर पकड़ा है। तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने मौके पर दबिश देकर गोदाम और फैक्ट्री को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बना गई।
कार्रवाई के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि प्रशासन को शिकायत मिली थी कि बड़े पालदा के रिहायशी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में थिनर, टर्पेंटाइन ऑयल समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थों का अवैध रूप से आवागमन और भंडारण किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई शुरू की।
मौके से 12 हजार लीटर ज्वलनशील पदार्थ बरामद
कलेक्टर ने आगे जानकारी दी कि मौके से करीब 12 हजार लीटर तेल बरामद किया गया है। जिसमें कई तरह के कंपोनेंट्स हैं। इसमें टर्पेंटाइन ऑयल, थिनर और डीजल भी शामिल है। चूंकि यह रिहायशी क्षेत्र है जहां लोग निवास करते हैं, सुरक्षा को देखते हुए परिसर को सील किया जा रहा है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि जब्त तेल के सैंपल लिए जा रहे हैं और जांच की जा रही है कि यह माल कहां से आया, कैसे आया और कहां ले जाया जा रहा था? इस मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट





