Hindi News

इंदौर एयरपोर्ट से गोवा, हैदराबाद, जलगांव, बेलगाम और कोल्हापुर के लिए नई उड़ानें, फ्लाई 91 और स्टार एयर 30 मार्च से शुरू करेंगी संचालन

Written by:Banshika Sharma
Published:
इंदौर से हवाई यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। दो नई एयरलाइंस, फ्लाई 91 और स्टार एयर, शहर को गोवा, हैदराबाद, जलगांव, बेलगाम और कोल्हापुर जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने जा रही हैं। स्टार एयर 30 मार्च से मुंबई के रास्ते बेलगाम और कोल्हापुर के लिए उड़ानें शुरू करेगी, जबकि फ्लाई 91 मई से गोवा के लिए सीधी फ्लाइट की तैयारी में है।
इंदौर एयरपोर्ट से गोवा, हैदराबाद, जलगांव, बेलगाम और कोल्हापुर के लिए नई उड़ानें, फ्लाई 91 और स्टार एयर 30 मार्च से शुरू करेंगी संचालन

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से हवाई संपर्क को एक नई उड़ान मिलने जा रही है। दो एयरलाइंस, फ्लाई 91 और स्टार एयर, शहर से कई नए गंतव्यों के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही हैं। इससे न केवल यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे, बल्कि गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों और बेलगाम-कोल्हापुर जैसे व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।

नई एयरलाइन फ्लाई 91 मई से इंदौर और गोवा के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की योजना बना रही है, जिसके लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) में आवेदन भी कर दिया गया है। इसके अलावा, कंपनी इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए भी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है।

फ्लाई 91 की विस्तार योजना

हाल ही में फ्लाई 91 की मैनेजमेंट टीम और ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टाफी) मध्यप्रदेश चैप्टर के बीच एक बैठक हुई। टाफी के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि नई एयरलाइन के आने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे।

“नई एयरलाइन के संचालन से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और शहर का अन्य प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क भी मजबूत होगा। खासतौर पर गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।” — अमोल कटारिया, अध्यक्ष, टाफी मध्यप्रदेश चैप्टर

फ्लाई 91 के प्रबंध निदेशक मनोज चाको के अनुसार, कंपनी वर्तमान में गोवा, नांदेड़, पुणे और हैदराबाद सहित नौ शहरों में परिचालन कर रही है। कंपनी की योजना मौजूदा तिमाही में चरणबद्ध तरीके से इंदौर सहित छह और शहरों को अपने नेटवर्क में जोड़ने की है, जिससे कुल स्टेशनों की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।

स्टार एयर जोड़ेगी बेलगाम और कोल्हापुर को

वहीं दूसरी ओर, स्टार एयर 30 मार्च से अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए इंदौर को बेलगाम (कर्नाटक) और कोल्हापुर (महाराष्ट्र) से जोड़ने जा रही है। ये उड़ानें मुंबई के रास्ते संचालित होंगी, जिसमें यात्रियों को विमान बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। इन उड़ानों का संचालन सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, बुधवार और शनिवार को किया जाएगा।

गौरतलब है कि स्टार एयर ने 2019 में भी इंदौर से बेलगाम के लिए सीधी उड़ान शुरू की थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण इसे बंद कर दिया गया था। अब लगभग चार साल बाद यह कनेक्टिविटी फिर से बहाल हो रही है।

उड़ानों का यह रहेगा शेड्यूल

एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, उड़ानों का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है:

इंदौर-मुंबई-बेलगाम (फ्लाइट S5-462/112): यह उड़ान शाम 5:50 बजे इंदौर से रवाना होगी और शाम 7:05 बजे मुंबई पहुंचेगी। मुंबई से 7:45 बजे प्रस्थान कर रात 8:50 बजे बेलगाम पहुंचेगी।

कोल्हापुर-मुंबई-इंदौर (फ्लाइट S5-163/461): यह उड़ान सुबह 10:40 बजे कोल्हापुर से चलकर 11:45 बजे मुंबई पहुंचेगी। इसके बाद मुंबई से दोपहर 12:25 बजे उड़ान भरकर 1:40 बजे इंदौर पहुंचेगी।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews