इंदौर खंडवा राजमार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। अब इस निर्माण कार्य में काफी तेजी देखने को मिल रही है क्योंकि प्रशासन ने काम समय पर पूरा करने के लिए सख्त रुख अपना लिया है।

बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि तेजाजी नगर से सिमरोल के बीच बनाए जाने वाले 3 फ्लाईओवर का काम अगले चार महीनों में पूरा कर लिया जाए।

जल्द खत्म होगा फ्लाईओवर का काम

फ्लाईओवर के निर्माण के संबंध में अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक केवल 10 से 15 प्रतिशत काम बाकी है। अगर इसे तय समय में पूरा कर लिया जाता है तो जुलाई से एक बार फिर यातायात शुरू कर दिया जाएगा। इससे इंदौर से खंडवा की और आने जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी और ट्रैफिक सुगम बना रहेगा।

पहले ही पूरा हो जाना था काम

900 करोड रुपए की लागत से बन रहे 216 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग का निर्माण कार्य जनवरी 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। अलग-अलग कारण के चलते इसका काम पूरा नहीं हो पाया। इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत तीन सुरंग और 8 फ्लाईओवर का निर्माण किया जाने वाला है। पांच फ्लाईओवर ऐसे हैं जिनका काम अधूरा है। इनमें से चोखी ढाणी, कनाड़ और दातौद फ्लाईओवर को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कहां कितना काम अधूरा

इस परियोजना में दो फ्लाईओवर पर एक तरफ वाहनों का आना-जाना लगा हुआ है और दूसरी तरफ निर्माण कार्य चल रहा है। दातौद फ्लाईओवर में फिनिशिंग का काम बचा है जो डेढ़ से 2 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। चोखी ढाणी का कुछ हिस्सा बनना बाकी है और कनाड़ में अंतिम चरण का काम चल रहा है।

अधिकारियों का क्या कहना

इस परियोजना के काम को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर नागेश्वर राव ने बताया कि जुलाई तक तीन फ्लाईओवर से यातायात शुरू करने की प्लानिंग तैयार की गई है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव के मुताबिक निर्माण एजेंसी को डेडलाइन से पहले काम पूरा करने की हिदायत गई है ताकि लोगों को जल्द से जल्द से आवागमन की सुविधा मिल सके।