
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर के खजराना थाना पुलिस ने एक महिला को लगातार परेशान करने और धमकाने वाले आरोपी हसान उर्फ सुरीला उर्फ भैय्यू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में करीब 40 गंभीर अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान बदमाश ने पुलिस से बचने के लिये ब्रिज से छलांग लगा दी। इस हादसे में उसके हाथ-पैरों में चोटें आईं हैं।
बता दें कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने के लिये लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं। इसी बीच, खजराना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खजराना थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी भैय्यू उर्फ सुरीला उसे लगातार धमकियां दे रहा है और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुये तत्काल प्रभाव से मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी। मामले में थाना प्रभारी खजराना के.पी. यादव द्वारा तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये।
पुलिस से बचने के लिये आरोपी ने ब्रिज से लगा दी छलांग
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचने का प्रयास किया लेकिन शातिर अपराधी पुलिस को देखकर वहां से भागने की कोशिश करने लगा और घबराहट में ब्रिज से नीचे छलांग लगा दी। जिससे उसके हाथ और पैरों में चोटें आईं।
आरोपी पर विभिन्न थानों में करीब 40 केस दर्ज
पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुये घायल अवस्था में ही आरोपी को दबोच किया। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी भैय्यू उर्फ एहसान उर्फ सुरीला पिता अनवर खान, निवासी तंजीम नगर, खजराना एक आदतन और कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना खजराना सहित अन्य दीगर थानों में लगभग 40 गंभीर अपराध दर्ज हैं।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
