Hindi News

इंदौर रंगपंचमी गेर में मिसाइल और टैंक से बरसा रंग, उज्जैन में सीएम मोहन यादव ने किया ध्वज पूजन

Written by:Rishabh Namdev
Published:
रंगपंचमी पर रविवार को मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन में बड़े स्तर पर गेर और रंगोत्सव निकाले गए। इंदौर में मिसाइल लगे टैंकर, टैंक और हाथी की सूंड की प्रतिकृति से रंगों की बौछार की गई, जबकि उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाकाल पूजन के बाद गेर में शामिल हुए। उज्जैन की संत नगर गेर में पटाखा फूटने से हल्की भगदड़ बनी और एक व्यक्ति घायल हुआ।
इंदौर रंगपंचमी गेर में मिसाइल और टैंक से बरसा रंग, उज्जैन में सीएम मोहन यादव ने किया ध्वज पूजन

रंगपंचमी के मौके पर रविवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में पारंपरिक गेर और रंगोत्सव निकाले गए, जिनमें इंदौर और उज्जैन सबसे ज्यादा केंद्र में रहे। इंदौर में सड़कों पर रंग, गुलाल और झांकियों का बड़ा प्रदर्शन दिखा, वहीं उज्जैन में धार्मिक अनुष्ठान से शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी होली गीतों पर थिरकते नजर आए।

इंदौर के टोरी कॉर्नर की गेर में तीन टैंकरों पर मिसाइलें लगाकर रंग बरसाया गया। ऑपरेशन सिंदूर की याद में टैंक से रंगीन पानी की बौछार की गई। नगर निगम की गेर में हाथी की प्रतिकृति की सूंड से लोगों पर रंगीन पानी डाला गया।

शहर में कई स्थानों पर गुलाल इतनी मात्रा में उड़ा कि आसमान रंगीन दिखाई देने लगा। मॉरल क्लब समिति की गेर में 15 ब्लोअर मशीनें, 6 डीजे गाड़ियां, एक बड़ी बोरिंग मशीन और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अलग-अलग झांकियां निकाली गईं।

संगम कॉर्नर गेर में लट्ठमार होली और रास

संगम कॉर्नर समिति की गेर में बरसाना की टीम ने लट्ठमार होली का प्रदर्शन किया। राधा-कृष्ण की जोड़ी ने रास प्रस्तुत किया। युवाओं की टोलियां होली गीतों के साथ देशभक्ति के तरानों पर भी नाचती और झूमती रहीं।

उज्जैन में महाकाल पूजन के बाद गेर में पहुंचे मुख्यमंत्री

उज्जैन में रंगोत्सव की शुरुआत बाबा महाकाल को केसरयुक्त जल अर्पित करके की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ध्वज पूजन किया, बाबा का अभिषेक करने के बाद प्रदक्षिणा की और तलवारबाजी के जौहर भी दिखाए। इसके बाद वे संत नगर की गेर में शामिल हुए, जहां उन्होंने लोगों पर फूल और गुलाल बरसाया। कार्यक्रम के दौरान वे होली गीतों पर दोनों हाथ उठाकर नाचते दिखे।

संत नगर गेर में पटाखा फूटने से हल्की भगदड़, एक घायल

उज्जैन की संत नगर गेर में मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले एक पटाखा अचानक फोड़ा गया। तेज आवाज के बाद कुछ समय के लिए हल्की भगदड़ की स्थिति बनी। इस दौरान गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

इंदौर में आयोजन के बाद सफाई पर भी फोकस रखा गया। शहर की सफाई के लिए 120 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों की टीम लगाई गई। नगर निगम ने अपने रंगोत्सव के माध्यम से रंगों के साथ सफाई का संदेश भी दिया।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews