इंदौर का प्राचीन रणजीत हनुमान मंदिर रामनवमी के पर्व के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस साल यहाँ अयोध्या के प्राचीन नाम ‘साकेतधाम’ के स्वरूप में विशेष सजावट की गई है, जहाँ भक्त प्रभु राम के भव्य दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में गुरुवार से ही सजावट का काम शुरू कर दिया गया था और अब तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भक्तों को गर्मी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित दीपेश व्यास ने बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों से सजाकर साकेतधाम का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साकेत, अयोध्या का ही प्राचीन नाम है। रणजीत हनुमान मंदिर में इस बार इसी अवधारणा पर आधारित सजावट की गई है। भक्तों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। दर्शन के लिए जिक-जैक पैटर्न में लाइन की व्यवस्था की गई है, ताकि भक्त बिना किसी दिक्कत के भगवान के दर्शन कर सकें। गर्मी को देखते हुए पूरे परिसर में 24 कूलर भी लगाए गए हैं, जिससे दर्शनार्थी शीतल हवा में कतार में खड़े रह सकें।
ये भी पढ़ें
सात दिवसीय अखंड रामायणजी की स्थापना
पंडित व्यास ने बताया कि रामनवमी के पर्व पर सुबह 6 बजे मंदिर परिसर में सात दिवसीय अखंड रामायणजी की स्थापना की जाएगी। यह अखंड रामायण 3 अप्रैल को हनुमान जयंती के अगले दिन काकड़ आरती के समापन के बाद समाप्त होगी। रामनवमी के मुख्य दिन, शुक्रवार को सुबह 8 बजे प्रभु राम का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। यह अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा।
अभिषेक के बाद प्रभु राम का मनमोहक शृंगार किया जाएगा, जिसमें उन्हें विशेष वस्त्र और आभूषण पहनाए जाएंगे। दोपहर ठीक 12 बजे प्रभु राम की जन्मोत्सव आरती भव्य रूप से की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे। आरती के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जहाँ भक्त भक्तिमय भजनों का आनंद ले सकेंगे।
रामनवमी पर भी भक्तों की एंट्री बड़े पार्किंग स्थल से ही होगी
रणजीत हनुमान मंदिर में इन दिनों रणजीत लोक का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसके कारण मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है। रामनवमी पर भी भक्तों की एंट्री बड़े पार्किंग स्थल से ही होगी। यहीं से भक्त दर्शन के बाद बाहर निकल सकेंगे। यह व्यवस्था भक्तों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखकर की गई है।
रणजीत हनुमान मंदिर के अलावा इंदौर शहर के अन्य मंदिरों में भी रामनवमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कई मंदिरों में सुंदर फूलों की सजावट करने के साथ ही आकर्षक लाइटिंग भी की गई है। सभी मंदिरों में प्रभु राम के जन्मोत्सव को मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें भक्तगण बड़ी संख्या में शामिल होंगे।