इंदौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सफल जनसेवा, जनकल्याण और सुशासन के कार्यकाल के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बुधवार, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहरभर से हजारों कार्यकर्ता और नागरिक जुटेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष संबोधन वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और यात्रा संयोजक विधायक रमेश मेंदोला ने बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना करेंगे। इस विशाल आयोजन को लेकर शहर के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपनी-अपनी बाइक पर योजनाओं के लाभार्थियों को साथ लेकर विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड पहुंचना शुरू हो गए हैं।
ये भी पढ़ें
आईडीए ग्राउंड पर होगी विकसित भारत संकल्प सभा
सुबह 9 बजे आईडीए ग्राउंड पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन रखा गया है। यहां उपस्थित जनसमूह पीएम मोदी का प्रेरणादायी संबोधन सुनेगा और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेगा। इसके तुरंत बाद संगठन महामंत्री यात्रा को रवाना करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र का एक सुसज्जित रथ सबसे आगे रहेगा और उसके पीछे कार्यकर्ता हाथ में मशाल थामे चलेंगे। बाइक सवार कार्यकर्ता अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाकर पीएम मोदी के प्रति आभार जताएंगे।
श्यामाप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा पर स्थापित होगी मशाल
दरअसल, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 हटाने के लिए जो संकल्प लिया था, उसे पीएम मोदी ने पूरा किया है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता आईडीए ग्राउंड से मशाल लेकर डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा स्थल तक जाएंगे और वहां विशाल ज्योति स्थापित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर मंच के दाईं ओर विधानसभा 1, 5, 3, देपालपुर और महू, जबकि बाईं ओर विधानसभा 2, 4, राऊ और सांवेर के कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।