इंदौर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और शातिर ठग हर दिन ठगी के नए-नए तरीके ईजाद कर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। लाखों रुपये की ठगी के बावजूद पुलिस भी साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। अब एक और ताजा मामला सामने आया है जहां युवक को इंस्टाग्राम पर शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच लाखों रुपये का चूना लगा दिया गया।
बता दें कि यह मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के नूरानी नगर का है। जहां एक युवक को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की लालच दी गई। फिर मौका देख साइबर ठगों ने युवक से 1 लाख 89 हजार रुपये से अधिक वसूल लिये। शातिर जालसाजों ने फर्जी लिंक भेजकर फरियादी के मोबाइल और बैंक खाते तक पहुंच हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने छह अलग-अलग किस्तों में उसके खाते से 1.89 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली।
पीड़ित की शिकायत पर चंदन नगर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एडीशनल डीसीपी क्राइम ने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की समझाइश देते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
इंस्टाग्राम पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग का लिंक भेजकर युवक से ठगी
पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नूरानी नगर निवासी फरियादी सब्बी हुसैन पिता अब्दुल काजी ने थाने पहुंचकर ठगी की एक शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने शिकायत में बताया है कि इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग और प्रॉफिट कमाने से जुड़ी एक आकर्षित करने वाली लिंक आई थी। जैसे ही फरियादी ने उस लिंक पर क्लिक किया तो उनके बैंक खाता साइबर अपराधियों के कंट्रोल में चला गया।
साइबर अपराधियों ने कई किस्तों में खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि साइबर अपराधियों ने फरियादी के बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में पहले 20 हजार, फिर 48 हजार और तीसरी बार 26 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। इस तरह कई किस्तों में कुल 1,89,863 रुपये की रकम उड़ा ली गई।
जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने आगे कहा कि जब पीड़ित के खाते से पूरी जमा पूंजी गायब हो गई और कोई मुनाफा नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। चंदन नगर थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल के जरिए उस इंस्टाग्राम लिंक, ट्रांजैक्शन आईडी और संबंधित खातों की पड़ताल कर ठगों का पता लगाने में जुटी है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट





