MP Breaking News

इंदौर: नौकरी के नाम पर मार्कशीट एवं अन्य दस्तावेज जमा करवाता, फिर वापसी के लिए मांगता था रकम, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर की विजयनगर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों की मार्कशीट और दस्तावेज अपने पास रखने और वापस करने के बदले पैसे मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 313 मार्कशीट समेत एवं जरूरी दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
Indore News

आज के दौर में पैसा कमाने के लिए लोग कई तरह के गलत रास्ते अपना रहे हैं। साइबर फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, वहीं ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे ऐंठने के मामले भी बढ़ रहे हैं। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के दस्तावेज जमा कराए जाएं और फिर उन्हें वापस करने के बदले पैसे मांगे जाएं? इंदौर में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

इंदौर की विजयनगर थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से उनकी मार्कशीट और अन्य दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद दस्तावेज वापस करने के एवज में उनसे पैसों की मांग की जाती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तो उसके ऑफिस से 313 मार्कशीट समेत बड़ी संख्या में अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इंदौर में नौकरी का झांसा देकर कई लोगों की मार्कशीट एवं अन्य जरूरी दस्तोवज रखकर एवं बाद में दस्तावेज लौटाने के ​नाम पर पैसों की मांग करने वाले आरोपी मयंक सराफ को विजयनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह ने मामले की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि कई लोगों ने विजयनगर थाने में आरोपी मयंक सराफ की शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के ऑफिस की जांच की तो वहां से 313 मार्कशीट के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज भी मिले।

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि कई लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी जरूरी दस्तावेज जमा कर लेता था। जब नौकरी नहीं लगती थी तो लोग अपने दस्तावेज वापस मांगने आते थे। तब उनसे पैसों की मांग की जाती थी। जिसके बाद कई लोगों ने पूरे मामले की शिकायत विजयनगर थाने में की। पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक सराफ को गिरफ्तार कर 313 मार्कशीट और अन्य जरूरी दस्तावेज जब्त किए हैं।

पत्नी के खाते में डलवाता था पैसे

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पैसे डलवाने के लिए अपना खाता इस्तेमाल नहीं करता था बल्कि पत्नी पूजा सराफ के खाते में पैसे डलवाता था। जिसके बाद पुलिस ने मामले में पत्नी को भी आरोपी बनाया है। वहीं, पुलिस ने अन्य फरियादियों से संपर्क करने के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया है, ताकि जिन पीड़ितों की मार्कशीट और अन्य दस्तावेज आरोपी के पास मिले हैं उनसे संपर्क कर उनके दस्तावेज वापस दिलाए जा सकें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
इंदौर: नौकरी के नाम पर मार्कशीट एवं अन्य दस्तावेज जमा करवाता, फिर वापसी के लिए मांगता था रकम, आरोपी गिरफ्तार - MP Breaking News