MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

‘क्या खिला रहे हो इंदौर?’…..दिल जीतने वाली पोस्ट के बाद आज युवाओं से सीधी बात करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी के इंदौर में होने जा रहे 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं। दौरे से पहले राहुल ने इंदौरी जायके को लेकर पोस्ट किया, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 कड़े नियम लागू किए हैं।
'क्या खिला रहे हो इंदौर?'.....दिल जीतने वाली पोस्ट के बाद आज युवाओं से सीधी बात करेंगे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर मध्य प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। इंदौर में होने जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन को लेकर राहुल खुद बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इंदौरवासियों के नाम एक बेहद खास संदेश भेजा, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।

इंस्टाग्राम पोस्ट से जीता इंदौरियों का दिल

राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल से इंदौर के जायके का जिक्र करते हुए एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “कल क्या खिला रहे हो इंदौर? पोहा, जलेबी या कुछ और।” इंदौर के खान-पान को लेकर पूछे गए इस आत्मीय सवाल पर शहर के लोगों ने दिल खोलकर प्रतिक्रिया दी।

View this post on Instagram

A post shared by Rahul Gandhi (@rahulgandhi)

भारत जोड़ो मैदान में कांग्रेस की हुंकार

राहुल गांधी के इस अहम दौरे की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को इंदौर के भारत जोड़ो मैदान में कांग्रेस ने एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश भर के छात्रों और युवाओं के मुद्दों को मुखरता से उठाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस सम्मेलन में मालवा अंचल ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में युवा और छात्र शामिल होने पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

कार्यक्रम में जुटने वाली संभावित भीड़ और राहुल गांधी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के लिए प्रशासन ने कांग्रेस आयोजकों के सामने 31 कड़ी शर्तें रख दी हैं। इसके तहत आयोजकों को कार्यक्रम में आने वाली वास्तविक भीड़ का लिखित शपथ-पत्र जमा करना होगा। साथ ही यह साफ कर दिया गया है कि मैदान की तय क्षमता से अधिक लोगों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वाहनों के रूट प्लान से लेकर मेडिकल इमरजेंसी तक के कड़े नियम

प्रशासनिक शर्तों के अनुसार, बाहर से आने वाली बसों, निजी गाड़ियों की संख्या, उनके चालकों की पूरी जानकारी और पार्किंग प्लान पुलिस को पहले से सौंपना होगा। इसके अलावा पूरे मैदान का स्केल-मैप तैयार कर इमरजेंसी कॉरिडोर और गैंगवे तय करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्वास्थ्य आपातकाल से निपटने के लिए आयोजकों को मौके पर 2 डॉक्टर, 4 पैरामेडिकल स्टाफ और 4 एंबुलेंस तैनात रखने के साथ-साथ पास के अस्पताल से टाई-अप भी करना होगा।

ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह बैन

सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के पूरे इलाके में ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित घोषित किया गया है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री या भड़काऊ पोस्टर-बैनर लगाने पर सख्त रोक रहेगी। स्थल पर पीने के पानी, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त रोशनी और पावर बैकअप की पूरी जिम्मेदारी भी आयोजकों को ही संभालनी होगी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews
'क्या खिला रहे हो इंदौर?'.....दिल जीतने वाली पोस्ट के बाद आज युवाओं से सीधी बात करेंगे राहुल गांधी