इंदौर, आकाश धोलपुरे
इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र में 18 अगस्त को एक युवक की इतनी जमकर पिटाई की गई कि वो मौके पर ही अधमरा हो गया। इसके बाद जब उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया तो वहां उसकी मौत हो गई। मामला ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं युवक की पिटाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
घटना इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र के दिलीप नगर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दिलीप नगर में रहने वाले 23 वर्षीय अजय देवड़ा नामक युवक का प्रेम प्रसंग पड़ोस में रहने वाले मलखान की बेटी से चल रहा था। जानकारी के अनुसार अजय जिससे प्रेम करता था उस लड़की के साथ भाग गया था। मृतक अजय के भाई गोपाल देवड़ा का कहना है कि बाद में जब दोनों लौटे तो लड़की के परिजनों ने पुलिस को शिकायत की जिसके बाद अजय की जमानत कराकर उसे घर ले आया गया था। लेकिन 18 अगस्त को अचानक लड़की के परिजनों ने उस पर हमला बोल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है जिसमें कुछ लोग युवक से को लाठी डंडे से पीट रहे हैं। इसके बाद युवक अधमरा हो गया और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया था।
प्रेम प्रसंग के इस मामले के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मलखान सहित एक महिला व लाखन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। बताया ये भी जा रहा है कि युवक ने 4 दिन पूर्व लड़की को घर से ले जाकर शादी कर ली थी जिसका शक लड़की के परिजन को हो गया था। उसके बाद लड़की के परिजनो ने युवक अजय को घर से खेत मे बुलाकर लाठी से पीटपीट कर किया अधमरा कर किया था। इसके बाद घायल अजय देवडा इलाज के दौरान हुई मौत हो गई। पुलिस ने पूरे मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस मामले में ऑनर किलिंग की घटना से इंकार कर रही है। गांधी नगर टीआई अनिल यादव के मुताबिक युवक की मौत के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।






