जबलपुर। संदीप कुमार। भाजपा नगर अध्यक्ष जी.एस ठाकुर की एक पोस्ट ने राजनीति में हलचल मचा दी है। जीएस ठाकुर की पोस्ट से जहाँ कांग्रेस सकते में आ गई है तो वही भाजपा भी फेसबुक पोस्ट को अजीब मान रही है। दरअसल अपने फ़ेसबुक पोस्ट में नगर अध्यक्ष ठाकुर ने मध्य प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू होने की संभावना जताई है। ठाकुर ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर कमेंट करते हुए राष्ट्रपति शासन की बात लिखी है।
जबलपुर में भाजपा नगर अध्यक्ष जी एस ठाकुर की फेसबुक पोस्ट पर राजनेताओं के साथ आम लोग भी चर्चा करने लगे। ठाकुर ने लिखा-‘मध्य प्रदेश में शीघ्र राष्ट्रपति शासन संभावित’ उनके ये पोस्ट करते ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। चर्चा इस बात की कम थी कि प्रदेश में क्या राष्ट्रपति शासन लागू होने वाला है बल्कि जिक्र इस बात का था कि बेवजह ठाकुर ने इस तरह की पोस्ट क्यों डाली और इसका आधार क्या है। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई में कहा कि मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था के जिस प्रकार के हालात बन गए हैं, उसे देखते हुए उन्होंने ये पोस्ट की थी। जबलपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान हुए पथराव की बात हो या फिर सागर में दलित युवक की जिंदा जलाकर हत्या। इन तमाम घटनाओं को लेकर मध्य प्रदेश का आम नागरिक भयभीत है। बहरहाल भाजपा नगर अध्यक्ष के पोस्ट को कांग्रेस भी जवाब देने की तैयारी कर रही है।






