मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। विभिन्न जिलों में पुलिस मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। इसी बीच, जबलपुर जिले में भी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुये करोड़ों रुपये की गांजे की खेप पकड़ी है। इसके साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बता दें कि जबलपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुये एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है। गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कंटेनर में 412 पेंट के डिब्बों के बीच गांजे की 28 बोरियां छिपा रखी थीं। पुलिस ने कंटेनर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही।
ये भी पढ़ें
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा संदिग्ध कंटेनर
बता दें कि गोसलपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम नेशनल हाइवे एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर को पुलिस ने देखा। पीछा कर मोहतरा टोल के पास घेराबंदी की गई और कंटेनर को रोक लिया गया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
कंटेनर से कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस ने जब कंटेनर तलाशी ली तो उसमें 412 पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में खाकी रंग के टेप से पैक गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। तौल में कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है।
जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कि तो आरोपी कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर वह गांजे की खेप मध्यप्रदेश लेकर आया था। इसके एवज में उसे एक बार के परिवहन के लिए एक लाख रुपये मिलने थे। आरोपी के अनुसार, 27 अक्टूबर को उसने प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की थीं। इन्हें मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास खाली करना था।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा, 412 पेंट के डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
जबलपुर से वंदना झा की रिपोर्ट
