MP Breaking News

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, 6 लोगों की मौत, सांसद ने मुआवजे का दिया भरोसा

शनिवार शाम को झारखंड के लातेहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। ऑटो और कंटेनर की टक्कर में 6 की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति घायल है जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
Jharkhand Latehar Accident News

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ऑटो और कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में करीब 6 लोगों की मौत होने की खबर है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बता दें कि यह हादसा लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी के पास हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रभाव से पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ऑटो पर सवार 5 लोगों के अलावा और बाइक सवार 2 अन्य लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान शुरू कर दी गई है।

शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की स्थिति और हादसे में हुई मौतों को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।

किस वजह से हुआ यह भीषण हादसा?

बता दें कि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति और दोनों वाहनों के बीच अचानक हुई टक्कर समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हादसे पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम का बयान

इस हादसे पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैं अभी-अभी घटनास्थल से वापस लौटा हूं। यह एक बड़ा हादसा है। हमारी पहली प्राथमिकता दोनों तरफ से भारी वाहनों की आवाजाही को रोकना है और हमने इस मामले पर चर्चा भी कर ली है। अभी तक छह लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है। हम मौजूदा नियमों के अनुसार मुआवजे का इंतजाम करेंगे, लेकिन अभी सबसे जरूरी है कि तुरंत आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
झारखंड में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, 6 लोगों की मौत, सांसद ने मुआवजे का दिया भरोसा - MP Breaking News