दिवाली से पहले झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट (एकेडमिक) डॉक्टरों के मासिक मानदेय में वृद्धि करने का फैसला किया है। नई दरें लागू होने के बाद डॉक्टरों की सैलरी में 15,500 रुपये से लेकर 17,000 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
इसके अलावा रिनपास, कांके के डीएनबी डॉक्टरों के मानदेय पुनरीक्षण के प्रस्ताव पर भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर संबंधित प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर स्वीकृति प्रदान की गई है।
ये भी पढ़ें
जूनियर रेजिडेंट (एकेडमिक) डॉक्टरों के मासिक मानदेय में वृद्धि
- इस फैसले से प्रथम वर्ष में कार्यरत डॉक्टरों का मानदेय 54,500 रुपये के स्थान पर 70 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है यानि हर महीने 15,500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
- द्वितीय वर्ष के डॉक्टरों का मानदेय 58,500 रुपये के स्थान 75,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। यानि हर महीने 16,500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
- तृतीय वर्ष के डॉक्टरों को 63000 की जगह 80,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। हर महीने 17,000 रुपये की वृद्धि होगी।
रिनपास के डीएनबी डॉक्टरों के लिए
विभागीय प्रस्ताव के अनुसार ब्रॉड स्पेशियलिटी डीएनबी डॉक्टरों के लिए प्रथम वर्ष में 43,000 रुपये, द्वितीय वर्ष में 45,000 रुपये और तृतीय वर्ष में 47,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय की सिफारिश की गई है। वहीं पोस्ट-डिप्लोमा डीएनबी डॉक्टरों के लिए प्रथम वर्ष में 45,000 रुपये और द्वितीय वर्ष में 47,000 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान है।
रिनपास के डॉक्टरों के मानदेय में संशोधन से संबंधित प्रस्ताव पर कार्रवाई होने के बाद डॉक्टरों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रिनपास में संशोधित मानदेय की अंतिम दर और इसे लागू करने की तिथि की जानकारी स्पष्ट नहीं की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि डॉक्टर हमारे अंग हैं, उनके मान-सम्मान में कोई कमी नहीं होगी। डॉक्टर दिन-रात मरीजों की सेवा करते हैं। उनका सम्मान और मनोबल बढ़ाना बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मजबूत करना और झारखंड की जनता को गुणवत्तापूर्ण इलाज देना है। डॉक्टरों को सम्मान, मरीजों को बेहतर इलाज और हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना ही हमारा संकल्प है।
