सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर आया है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड द्वारा जम्मू-कश्मीर पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की जा रही है। ऐसे में पुलिस विभाग में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह अच्छा मौका है। इस भर्ती के जरिए कम शैक्षणिक योग्यता के बावजूद युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल किया जाएगा। कई लोग पुलिस कांस्टेबल की नौकरी पाने का सपना देखते हैं, क्योंकि यह न सिर्फ सम्मानजनक नौकरी होती है, बल्कि इसमें सुरक्षा और भविष्य की अच्छी संभावनाएं भी होती हैं।
अगर आप भी इस भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो हम आपको इस खबर में इसके बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। यहां आपको शैक्षणिक योग्यता से लेकर आवेदन करने की अंतिम तारीख और प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क पर नजर डालें
सबसे पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क पर नजर डालें तो बता दें कि कांस्टेबल पद के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं पास का सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदनकर्ता की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के मुताबिक आयु में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क के रूप में उम्मीदवार को ₹700 का भुगतान करना होगा, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
कितने पदों को भरा जाएगा
बता दें कि इस भर्ती के जरिए कुल 1815 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों को अलग-अलग डिवीजन में बांटा गया है, जिनमें जम्मू डिवीजन के 934 पद शामिल हैं, जबकि कश्मीर डिवीजन के 881 पद शामिल हैं। दोनों डिवीजन के युवाओं के लिए यह शानदार अवसर है। आवेदन प्रक्रिया 19 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि अंतिम तारीख 17 फरवरी 2026 रखी गई है।
कैसे किया जा सकता है आवेदन?
अगर आप आवेदन करना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको JKSSB की आधिकारिक वेबसाइट jkssb.nic.in पर जाना होगा। इसके बाद होम पेज पर मौजूद भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। फिर आपको रजिस्ट्रेशन करना होगा और रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। ध्यान रखें कि फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट लेना न भूलें।






