MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

कटनी में तेज रफ्तार बस पलटने से छात्रा की मौत, 2 दर्जन यात्री घायल, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के बंजारी में शनिवार को एक बस पलटने से 11वीं की छात्रा की मौत हो गई और दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
कटनी में तेज रफ्तार बस पलटने से छात्रा की मौत, 2 दर्जन यात्री घायल, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के बंजारी के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 11वीं कक्षा की एक मासूम छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार दो दर्जन से ज्यादा यात्री बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में करीब आठ यात्रियों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया है।

हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम और भारी गुस्सा फैल गया। हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने विजयराघवगढ़-कटनी मुख्य मार्ग पर उतरकर चक्काजाम कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क पर जाम लगने से दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने और शांत कराने के प्रयास में देर तक जुटे रहे।

अचानक अनियंत्रित होकर पलटी बस

रजा ट्रैवल्स की बस बंजारी के रास्ते विजयराघवगढ़ की तरफ जा रही थी। तभी बंजारी गांव के पास अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ा और बस पलट गई। बस पलटते ही उसके अंदर चीख-पुकार मच गई। आसपास खेत में काम कर रहे लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को खबर दी और खुद ही कांच तोड़कर घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

11वीं की होनहार छात्रा की मौत

इस भयंकर दुर्घटना में पिपरा गांव की रहने वाली 16 साल की शिवानी लोधी की जान चली गई। शिवानी विजयराघवगढ़ के उत्कृष्ट विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं करीब 20 से ज्यादा घायलों का इलाज विजयराघवगढ़ के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। इस खबर के बाद मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है।

मुआवजे और अफसरों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े लोग

हादसे के बाद मृत छात्रा के घरवालों और गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कटनी मार्ग पर चक्काजाम करते हुए आरोप लगाया कि इलाके में बिना फिटनेस वाली अनफिट बसें धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरटीओ अधिकारी को तुरंत निलंबित करने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग रखी। सड़क पर लगातार तनाव बना रहा और पुलिस लोगों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने की कोशिश करती रही।

कटनी में तेज रफ्तार बस पलटने से छात्रा की मौत, 2 दर्जन यात्री घायल, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

आरटीओ जांच और सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन

प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात की और उचित मुआवजा दिलवाने का भरोसा दिया। अफसरों ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बस की फिटनेस और परमिट की पूरी जांच कराई जाएगी। अगर बस में कोई तकनीकी खराबी पाई गई या लापरवाही सामने आई, तो बस मालिक और संबंधितों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। आश्वासन मिलने के बाद ही धीरे-धीरे मामला शांत हो पाया, लेकिन हादसे को लेकर लोगों में अब भी भारी नाराजगी है।

कटनी में तेज रफ्तार बस पलटने से छात्रा की मौत, 2 दर्जन यात्री घायल, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
कटनी में तेज रफ्तार बस पलटने से छात्रा की मौत, 2 दर्जन यात्री घायल, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम