खंडवा में तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस का एक्शन, दो संचालकों पर केस दर्ज

खंडवा में ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने शहर के बाहर से आए दो संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
Khandwa

खंडवा में तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकल रहे जुलूस में निर्धारित मानकों से ज्यादा तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई देखने को मिली।

इस कार्रवाई में पुलिस ने महाराष्ट्र और धार जिले के दो डीजे संचालकों पर केस दर्ज किया है। इनपर तेज आवाज में डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने का आरोप है। भारतीय न्याय संहिता के अलग-अलग धाराओं में इन पर केस दर्ज किया गया है।

जुलूस में बजाया जा रहा था डीजे

बता दें कि शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के जुलूस निकाले जा रहे थे। इस दौरान कई जगह तेज आवाज में डीजे बजाने की जानकारी सामने आई थी। इन डीजे का बेस और साउंड इतना ज्यादा था कि आसपास के दुकानदार भी परेशान हो गए थे। कुछ जगहों पर कांच का सामान टूटने और एक युवक की तबीयत बिगड़ने की जानकारी भी सामने आई थी। ऐसे में लोगों द्वारा शिकायत भी की गई थी।

डीजे संचालकों ने की थी शिकायत

जिले के सभी डीजे संचालकों को प्रशासन द्वारा पहले ही निर्धारित नियमों का पालन करना के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में स्थानीय संचालकों द्वारा भी पुलिस को ज्ञापन सौंपकर यह जानकारी दी गई थी कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालक जिले के बाहर से आए थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

धार के डीजे संचालक पर केस

पुलिस द्वारा केवलराम चौराहा से घंटाघर तक तेज आवाज में डीजे बजाने के आरोप में धार जिले के निकपुर निवासी कान्हा राजपूत के खिलाफ कार्रवाई की गई है। तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने के साथ वाहन में निर्धारित क्षमता से बड़े स्पीकर लगे थे। ऐसे में ध्वनि प्रदूषण और आदेश उल्लंघन का आरोप लगा है।

महाराष्ट्र के संचालक पर केस

कोतवाली पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर महाराष्ट्र के धुले के संचालक निक्की चोलकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह बताया जा रहा है कि रेलवे तिराहे से केवलराम चौराहा तक जुलूस के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया जा रहा था। वाहन में निर्धारित मानक क्षमता की जगह ज्यादा संख्या और क्षमता वाले स्पीकर लगाए गए थे। जो जारी आदेश का उल्लंघन है। दोनों मामले में शासन की ओर से कोतवाली थाना निरीक्षक प्रवीण आर्य की तरफ से प्रकरण दर्ज करवाए गए हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews