पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेशवासियों और सभी कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होने 21 दिनों के लॉकडाउन का समर्थन करते हुए सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है। इसी के साथ उन्होने लिखा है कि ऐसे संकट के समय सभी कांग्रेस विधायक, नेता और कार्यकर्ता जनता की सहायता के लिये आग आएं।
कमलनाथ ने कांग्रेस विधायकों, स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों से अपील की है कि वो समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वाह करें और स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होने सुझाव दिया कि जनहित के लिये ये लोग अपने टेलीफोन नंबर भी सोशल मीडिया पर मुहैया कराए ताकि जरूरतमंद लोग उनसें संपर्क कर सहायता ले सके।
उन्होने अपने पत्र में लिखा है कि 21 दिन के लॉकडाउन की स्थिति में रोज आजीविका अर्जन करने वाले मजदूर और गरीब वर्ग, छोटे दुकानदार और वेंडर्स आदि के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, कमलनाथ ने लिखा है कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री रहते उन्होने सुनिश्चित किया था कि ऐसे सभी लोगों को 3 महीने का राशन एकमुश्त तथा एक महीने का राशन मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होने कहा कि स्थानीय प्रशासन से मिलकर ऐसे जरूरतमंद लोगों को घर जाकर राशन मुहैया कराया जा सकता है, साथ ही उन्होने आह्वान किया कि जो लोग सक्षम हैं वो ऐसे जरूरतमंदों की सहायता करें।







