मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धोलपुरे ने भोपाल के अयोध्या बायपास पर बन रही 10 लेन सड़क परियोजना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर हजारों पेड़ों की कटाई कर दी गई और अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर खामियां सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जहां कई स्थानों पर सड़क निर्माण की मूलभूत प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों को लेकर सवाल खड़े होते दिखाई दिए। उनका आरोप है कि जिस मिट्टी को तकनीकी मानकों के अनुसार मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त कंप्रेशन, पानी का छिड़काव और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं अपनाई जानी चाहिए थीं वहां जल्दबाजी में काम किए जाने के संकेत मिले हैं।
कांग्रेस ने सड़क को लेकर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धोलपुरे ने भोपाल के अयोध्या बायपास पर बन रही 10 लेन सड़क की गुणवत्ता और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर हजारों पेड़ काट दिए गए, लेकिन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं और घटिया गुणवत्ता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर जनता के टैक्स का करोड़ों रुपये खर्च किया जा रहा है। ऐसे में नागरिकों को मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क की मांग करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता पेट्रोल, डीजल, जीएसटी और अन्य करों के माध्यम से सरकार को राजस्व देती है, तो उसे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जवाब मांगने का भी अधिकार है।
प्रवीण धोलपुरे ने सरकार से की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
प्रवीण धोलपुरे ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन यदि विकास के नाम पर बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई कर दी जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में हो तो यह पर्यावरण और जनता के पैसे दोनों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह सार्वजनिक रूप से बताए कि परियोजना के लिए कितने पेड़ काटे गए, उनके बदले कितने पौधे लगाए गए, निर्माण की गुणवत्ता की जांच किस एजेंसी ने की और क्या पूरे प्रोजेक्ट का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि भोपाल की जनता यह जानना चाहती है कि हजारों पेड़ों की कटाई के बाद बनाई जा रही यह सड़क आखिर कितने वर्षों तक टिकाऊ साबित होगी। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा खर्च हो रहा है, इसलिए जनता जवाब मांग रही है।






