Hindi News

शादी के दिन दूल्हे की पिटाई..यहां होता है दुल्हन का अपहरण, जानिए दुनियाभर में विवाह से जुड़ी मजेदार रस्में

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
अगर शादी के बाद कुछ समय के लिए टॉयलेट जाने पर पाबंदी लग जाए तो..मलेशिया में टिडोंग समुदाय में कुछ ऐसी ही अजीबोगरीब रस्म है। यहां नवविवाहित जोड़े को शादी के बाद तीन दिन तक शौचालय का उपयोग करने से मनाही होती है। ये परंपरा दंपत्ति के जीवन में सौभाग्य और समृद्धि लाने वाली मानी जाती है। स्कॉटलैंड में, शादी से पहले दोस्तों और परिवार द्वारा दूल्हा और दुल्हन पर कालिख, आटा और अन्य चिपचिपी चीजें फेंकी जाती हैं। यह रस्म जोड़े को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उनके बीच के बंधन को मजबूत करने का प्रतीक है।
शादी के दिन दूल्हे की पिटाई..यहां होता है दुल्हन का अपहरण, जानिए दुनियाभर में विवाह से जुड़ी मजेदार रस्में

Fascinating Wedding Traditions Worldwide : शादी जीवन का एक अहम पड़ाव होता है। शादी के बाद दो लोग हमेशा के लिए एक बंधन में बंध जाते हैं। यही कारण है कि विवाह को ज़्यादातर स्थानों पर पवित्र परंपरा माना जाता है और दुनियाभर में इस दौरान विभिन्न तरह की रस्में निभाई जाती हैं। स्थानीय परंपराओं, धार्मिक और सामाजिक मान्यताओं के अनुसार इन रीति-रिवाजों का निर्धारण होता है।

विवाह के दौरान निभाई जाने वाली रस्में अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं का प्रतिबिंब होती हैं। इन रस्मों के पीछे विशेष कारण और महत्व होता है। उदाहरण के लिए, हिंदू विवाह में सप्तपदी (सात फेरे) लिए जाते हैं जो पति-पत्नी के बीच सात वचनों का प्रतीक हैं। मुस्लिम विवाह में निकाह की रस्म होती है, जिसमें काजी की उपस्थिति में इजाब (प्रस्ताव) और कबूल (स्वीकृति) की प्रक्रिया संपन्न होती है। ईसाई विवाह में चर्च में प्रार्थना और वचनों का आदान-प्रदान होता है।

विवाह और परंपराएं

विवाह एक पवित्र बंधन है जो प्रेम, समझ, सम्मान और आपसी सहयोग पर आधारित होता है। यह दो व्यक्तियों को जीवनभर की डोर से बांध देता है। इसीलिए इस समय कई तरह की रस्में और रीति-रिवाज निभाए जाते हैं। आज हम आपको दुनियाभर में शादी के दौरान निभाई जाने वाली कुछ रोचक परंपराओं के बारे में बताने जा रहे हैं।

शादी से जुड़ी रोचक रस्में

दुल्हन का रोना (चीन) : चीन के सिचुआन प्रांत में तुजिया समुदाय की दुल्हनें शादी से एक महीने पहले से रोज़ाना एक घंटे रोने की रस्म निभाती हैं। यह परंपरा उनकी भावनाओं की अभिव्यक्ति और वैवाहिक जीवन में आने वाली चुनौतियों की तैयारी का प्रतीक मानी जाती हैं।

दूल्हे की पिटाई (दक्षिण कोरिया) : दक्षिण कोरिया में शादी से पहले दूल्हे के पैरों को रस्सी से बांधकर उसके तलवों पर मछली या लकड़ी से मारने की रस्म होती है। इसे दूल्हे की सहनशक्ति और चरित्र की परीक्षा के रूप में देखा जाता है।

क्रॉकरी तोड़ना (जर्मनी) : आमतौर पर शादी में नए जोड़े को बर्तन तोहफे में दिए जाते हैं जो उनकी गृहस्थी में काम आ सकें। लेकिन जर्मनी में शादी के दिन मेहमान दुल्हन के घर इकट्ठा होकर चीनी मिट्टी के बर्तन तोड़ते हैं। इसके बाद नवविवाहित जोड़ा मिलकर इन टुकड़ों की सफाई करता है। ये उनके संयुक्त जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने की क्षमता का प्रतीक माना जाता है।

दूल्हा-दुल्हन का गायब होना (वेनेजुएला) : अगर दूल्हा-दुल्हन शादी के बाद गायब हो जाएं तो फिर क्या होगा। वेनेजुएला में ऐसा होना आम है। यहां शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा बिना किसी को बताए समारोह से चुपचाप निकल जाता है। इस रस्म को उनके वैवाहिक जीवन में सौभाग्य लाने वाला माना जाता है।

दुल्हन के साथ डांस के लिए पैसे (क्यूबा) : क्यूबा में अगर कोई शख्स दुल्हन के साथ डांस करना चाहे तो उसे पैसे देने होते हैं। डांस करने वाले हर प्रत्येक व्यक्ति को दुल्हन की ड्रेस पर पैसे चिपकाने होते हैं। यह रस्म जोड़े की शादी और हनीमून के खर्च में सहायता करने के लिए की जाती है।

दुल्हन का अपहरण (रोमानिया) : रोमानिया में शादी से पहले दुल्हन के दोस्तों, परिवार या भाड़े के अपहरणकर्ताओं द्वारा दुल्हन का अपहरण करने की परंपरा है। इसके बाद दूल्हे को फिरौती देकर या रोमांटिक इशारों से दुल्हन को छुड़ाना होता है। यह रस्म नए जोड़े के लिए सौभाग्य और समृद्धि लाने के लिए निभाई जाती है।

ब्लैकनिंग रस्म (स्कॉटलैंड) : स्कॉटलैंड में शादी से पहले दोस्तों और परिवार द्वारा दूल्हा दुल्हन पर कालिख, आटा और अन्य चिपचिपी चीजें फेंकी जाती हैं। यह रस्म जोड़े को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उनके बीच के बंधन को मजबूत करने का प्रतीक मानी जाती है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews