घर का नाश्ता भारतीय रसोई का सबसे प्यारा हिस्सा होता है। सुबह-सुबह जब रसोई से बर्तनों की आवाज और मसालों की खुशबू आती है, तो पूरा घर जैसे एक अलग ही रौनक में डूब जाता है। चाहे पराठा हो, पूरी-सब्जी हो या फिर गरमा-गरम कचौड़ी नाश्ते की थाली से हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ ही जाती है। खासकर छुट्टी के दिन जब पूरा परिवार साथ बैठकर गर्म चाय और चटनी के साथ नाश्ता करता है, तो उसका मजा ही कुछ और होता है।
कुछ खास मौकों और त्योहारों पर कचौड़ी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली डिश है। अब अगर बात आलू-प्याज की खस्ता कचौड़ी की हो, तो यह नाश्ता और भी खास बन जाता है।
आलू-प्याज की कचौड़ी
कचौड़ी वैसे तो कई तरह की बनाई जाती है। जिसमें दाल, मटर, पनीर यहां तक कि सूजी की भी बनाई जाती, लेकिन जब आलू और प्याज को साथ मिलाकर कचौड़ी तैयार की जाती है, तो उसका स्वाद बाकी सब पर भारी पड़ता है। मसालेदार आलू और हल्का मीठा-खट्टा स्वाद लिए प्याज… जब गरमागरम तेल में तली जाती है, तो इसकी हर एक बाइट दिल जीत लेती है।
कई बार लोग बाहर होटल या रेस्टोरेंट की कचौड़ी खाने चले जाते हैं, लेकिन आप घर की बनी आलू-प्याज की कचौड़ी स्वाद भी ले सकते हैं। बस मसालों में थोड़ा-सा ट्विस्ट और बनाने का सही तरीका जान लें, फिर बाहर की कचौड़ी का मन ही नहीं करेगा।
ऐसे बनाएं लाजवाब कचौड़ी
- सबसे पहले दो बड़े आलू उबाल लें और एक प्याज को बारीक काट लें।
- अब कढ़ाई में हल्का-सा तेल गर्म कर उसमें जीरा डालें।
- जैसे ही जीरा तड़कने लगे, उसमें कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें।
- अब इसमें आलू डाल दें।
- इसके बाद आधा चम्मच कुटा हुआ धनिया, आधा चम्मच सौंफ, दो चुटकी गरम मसाला, नमक, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी डालकर अच्छे से मिलाएं।
- मसाले का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया भी डाल दें।
- अब इसे 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
- फिर आपका स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार है।
- अब बारी है कचौड़ी की परत तैयार करने की।
- इसके लिए आधा कप मैदा और आधा कप आटा लें।
- उसमें एक बड़ा चम्मच मोयन (तेल), आधा चम्मच नमक, थोड़ा सा अजवाइन और एक चम्मच दही डालें।
- अब इसे हल्के हाथों से मुलायम आटा गूंध लें।
- आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ें और हाथ से हल्का फैलाएं।
- अब बीच में आलू-प्याज का मसाला भरें और उसे अच्छे से बंद कर लें।
- ध्यान रखें कि कचौड़ी को बहुत बड़ा ना बेलें।
- बस हाथ से हल्का-सा फैलाएं, ताकि मसाला अंदर अच्छे से सेट हो जाए।
- अब कढ़ाई में तेल गरम करें और गैस की आंच धीमी कर दें।
फिर धीमी आंच पर तलने से ही कचौड़ी में वह खस्ता स्वाद आ जाएगा, जो होटल की कचौड़ी को भी मात दे सकता है। धीरे-धीरे सुनहरी होती कचौड़ियों की खुशबू पूरे घर को मोह लेगी। जब ये कचौड़ियां बनकर तैयार हो जाएं, तो इन्हें हरी धनिया की चटनी और मीठी सौंठ की चटनी के साथ परोसें। ऊपर से गर्मागर्म मसाला चाय हो, तो मजा चार गुना बढ़ जाएगा।
हर कोई करेगा तारिफ
यकीन मानिए आपके द्वारा बनाई गई इस डिश की हर कोई तारीफ करेगा। केवल इतना ही नहीं, आप इसे घर पर आने वाले मेहमानों के सामने भी परोस सकती हैं, वे बिना तारीफ किए नहीं जाएंगे। केवल इतना ही नहीं, आपके पड़ोस में रहने वाली महिलाएं भी आपसे इन नई डिशेस की रेसिपी पूछेंगी। वहीं, घर के बड़े और बुजुर्गों को इसका टेस्ट बहुत ही पसंद आएगा।






