गुलाब का पौधा हर घर की शान होता है। बालकनी हो, छत हो या छोटा सा गार्डन जहां भी गुलाब खिलता है, वहां खूबसूरती अपने आप बढ़ जाती है। हम रोज उसे पानी देते हैं, धूप में रखते हैं, खाद डालते हैं और पूरा ध्यान रखते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि इतने ध्यान के बाद भी गुलाब के पौधे में पत्ते झड़ने लगते हैं या कलियां खिलने से पहले ही गिर जाती हैं।

यहीं से चिंता शुरू होती है आखिर गलती कहां हो रही है? क्या मौसम खराब है या पौधे में कोई बीमारी लग गई है? सच ये है कि ज्यादातर मामलों में वजह बाहर नहीं, बल्कि हमारी छोटी-छोटी गलतियां होती हैं। हम जिसे देखभाल समझते हैं, वही कई बार पौधे को नुकसान पहुंचा देती है। अगर आप भी सोच रही हैं कि आपके गुलाब के पौधे के पत्ते क्यों झड़ रहे हैं, तो आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।

गुलाब के पौधे में पत्ते झड़ने का असली कारण क्या है

गुलाब का पौधा थोड़ा संवेदनशील होता है। इसे ज्यादा या कम किसी भी चीज का असर जल्दी दिखने लगता है। जब पौधे की जड़ें कमजोर होती हैं या उसे सही माहौल नहीं मिलता, तो सबसे पहले उसके पत्ते गिरने लगते हैं।

गुलाब के पौधे के पत्ते झड़ने का कारण अक्सर तीन चीजें होती हैं गलत गमला, ज्यादा पानी और बार-बार जगह बदलना। ये तीनों चीजें धीरे-धीरे पौधे को अंदर से कमजोर कर देती हैं। इसलिए जरूरी है कि हम इन गलतियों को पहचानें और समय रहते सुधार करें।

जड़ों को नहीं मिल पाता सही स्पेस

अगर आपका गुलाब का पौधा छोटे गमले में लगा है, तो यह उसकी सबसे बड़ी समस्या हो सकती है। जब गमला छोटा होता है, तो पौधे की जड़ों को फैलने के लिए जगह नहीं मिलती। इससे पौधा अंदर से कमजोर होने लगता है।

जड़ों को सही स्पेस नहीं मिलने पर पौधा जरूरी पोषक तत्व भी नहीं ले पाता। इसका असर सीधा पत्तों और फूलों पर दिखता है। पत्ते पीले पड़ने लगते हैं और धीरे-धीरे झड़ जाते हैं। इसका आसान समाधान है पौधे को बड़े गमले में शिफ्ट करें। ऐसा गमला चुनें जिसमें जड़ों को फैलने की पर्याप्त जगह मिले। इससे पौधा मजबूत होगा और पत्ते झड़ना बंद हो जाएंगे।

ज्यादा पानी देना

अक्सर हम सोचते हैं कि ज्यादा पानी देने से पौधा जल्दी बढ़ेगा, लेकिन सच इसके बिल्कुल उल्टा है। जरूरत से ज्यादा पानी देना गुलाब के पौधे के लिए सबसे नुकसानदायक चीजों में से एक है।

जब आप बार-बार पानी डालते हैं, तो मिट्टी हमेशा गीली रहती है। इससे जड़ों में सड़न शुरू हो जाती है। जड़ें कमजोर हो जाती हैं और पौधा पोषण नहीं ले पाता। इसका असर पत्तों पर पड़ता है और वे झड़ने लगते हैं।

गुलाब के पौधे में पानी दिन में सिर्फ एक बार और जरूरत के हिसाब से देना चाहिए। अगर मिट्टी पहले से गीली है, तो पानी देने से बचें। यह छोटी सी सावधानी आपके पौधे को बचा सकती है।

बार-बार जगह बदलना

कई लोग धूप और छांव के हिसाब से गमले को बार-बार इधर-उधर करते रहते हैं। उन्हें लगता है कि इससे पौधे को फायदा होगा, लेकिन असल में यह पौधे के लिए स्ट्रेस बन जाता है। हर बार जगह बदलने से पौधे को नया तापमान और नया माहौल मिलता है। इससे वह खुद को एडजस्ट नहीं कर पाता और कमजोर होने लगता है। इसका असर भी पत्तों के झड़ने के रूप में सामने आता है। गुलाब के पौधे के लिए एक ऐसी जगह चुनें जहां उसे रोज कुछ घंटे धूप मिले और कुछ समय छांव। एक बार सही जगह तय कर दें, फिर उसे बार-बार न बदलें।

गुलाब के पौधे की सही देखभाल कैसे करें

अगर आप चाहती हैं कि आपका गुलाब का पौधा हमेशा हरा-भरा रहे और उसमें खूब फूल आएं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखें। सबसे पहले, सही साइज का गमला चुनें। दूसरा, पानी हमेशा जरूरत के हिसाब से दें, ज्यादा नहीं। तीसरा, पौधे को एक स्थिर जगह पर रखें। इसके अलावा समय-समय पर हल्की खाद डालना भी जरूरी है। ध्यान रखें कि गुलाब के पौधे को सीधी तेज धूप से बचाना भी जरूरी है। सुबह की धूप इसके लिए सबसे अच्छी होती है।