World’s Finest Dry Fruits and Nuts : हम सब ड्राई फ्रूट्स के फायदे जानते हैं। क्योंकि इनमें विटामिन, खनिज, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। ये तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं, हृदय को स्वस्थ रखते हैं, मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं और हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। फाइबर से भरपूर होने के कारण ये पाचन में भी सुधार करते हैं, वहीं एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाते हैं। ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे तत्व कोलेस्ट्रॉल कम करके हृदय रोगों का जोखिम घटाते हैं।
ड्राई फ्रूट्स यानी सेहत का खजाना
आमतौर पर हम बादाम, अखरोट, काजू, पिस्ता, किशमिश, खजूर, अंजीर जैसे ड्राई फ्रूट्स के बारे में ही जानते हैं। हमारे देश में इनकी उपलब्धतता आसानी से है। लेकिन दुनिया के अन्य हिस्सों में कई तरह के अनूठे और स्वादिष्ट ड्राई फ्रूट्स पाए जाते हैं, जिनके बारे में हमें कम ही जानकारी है।जैसे, हेज़लनट्स (Hazelnuts) जो टर्की और इटली में प्रचुर मात्रा में मिलते हैं और चॉकलेट उत्पादों में खूब इस्तेमाल होते हैं। पाइन नट्स (Pine Nuts), जो यूरोप और एशिया के ठंडे क्षेत्रों में उगते हैं और सलाद और पेस्टो में उपयोग किए जाते हैं। ऐसे ही कई और अलग तरह के ड्राई फ्रूट्स हैं, जो स्वाद के साथ पोषण से भी भरपूर होते हैं।
ये भी पढ़ें
दुनिया के बेहतरीन ड्राई फ्रूट्स और नट्स
आज सारी दुनिया एक ग्लोबल विलेज बन गई है। ग्लोबल सप्लाई चेन की वजह से दुनियाभर के कई अनोखे ड्राई फ्रूट्स अब कई स्थानों पर आसानी से मिल जाते हैं। हमारे यहां भी ये उपलब्ध हैं। फिर भी अधिकांश लोग कई तरह के अनोखे ड्राई फ्रूट्स के बारे में कम ही जानते हैं। आज हम आपके लिए ऐसे ही कुछ ड्राई फ्रूट्स की जानकारी लेकर आए हैं, जो दुनिया के दूसरे हिस्सों में काफी शौक से खाए जाते हैं।
1. मैकाडामिया (Macadamia)
ये ड्राई फ्रूट मूल रूप से ऑस्ट्रेलिया की पैदावार है, लेकिन अब इसे दुनिया के अन्य हिस्सों में भी उगाया जाता है जैसे कि हवाई, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका। मैकाडामिया नट्स में उच्च गुणवत्ता वाले फैट्स, प्रोटीन और विटामिन्स होते हैं। ये दिल के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं और ऊर्जा का अच्छा स्रोत होते हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड्स भी होते हैं जो इन्फ्लेमेशन कम करने में मदद करते हैं।
2. पेकान नट्स (Pecan Nuts)
पेकान नट्स मुख्य रूप से अमेरिका और मैक्सिको में पाए जाते हैं। ये एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन ई से भरपूर होते हैं। पेकान दिल की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं और इनमें उच्च मात्रा में फाइबर भी होता है, जो पाचन के लिए लाभकारी है।
3. ब्राज़ील नट्स (Brazil Nuts)
ये नट्स ब्राजील के अमेज़न वर्षावनों से आते हैं, और दक्षिण अमेरिका के अन्य हिस्सों में भी पाए जाते हैं। ब्राजील नट्स में सेलेनियम की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो शरीर में एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और त्वचा के लिए भी फायदेमंद है।
4. पाइन नट्स (Pine Nuts)
ये मुख्य रूप से यूरोप, एशिया और उत्तरी अमेरिका के कुछ हिस्सों में उगते हैं। पाइन नट्स में प्रोटीन, विटामिन के, और फाइटोन्यूट्रिएंट्स की उच्च मात्रा होती है। ये हड्डियों की सेहत के लिए अच्छे होते हैं और शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं।
5. चेस्टनट (Chestnut)
यह मुख्य रूप से यूरोप और एशिया में पाया जाता है। चेस्टनट में कम कैलोरी होती है और यह फाइबर, विटामिन सी और पोटैशियम से भरपूर होते हैं। ये ह्रदय रोगों से बचाव करने में मदद करते हैं और पाचन को दुरुस्त रखते हैं।
6. हेजलनट (Hazelnut)
हेजलनट्स यूरोप और उत्तरी अमेरिका के हिस्सों में उगते हैं। तुर्की, इटली और यूएस में इन्हें प्रमुखता से उगाया जाता है। हेजलनट्स में उच्च मात्रा में मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स, विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। ये हृदय की सेहत के लिए लाभकारी होते हैं और त्वचा को जवान बनाए रखने में भी मदद करते हैं। हेजलनट्स में फाइबर भी होते हैं जो पाचन में मदद करते हैं।