Hindi News

नीमच: नशे में धुत ASI की कार ने गाड़ियों को रौंदा, शिक्षक की मौत, आरोपी पुलिसकर्मी को एसपी ने किया निलंबित, प्रकरण दर्ज़

Written by:Ankita Chourdia
Published:
मध्य प्रदेश के नीमच में एक ASI ने शराब के नशे में कार से कई गाड़ी सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई और दो बच्चों समेत चार लोग घायल हुए। आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
नीमच: नशे में धुत ASI की कार ने गाड़ियों को रौंदा, शिक्षक की मौत, आरोपी पुलिसकर्मी को एसपी ने किया निलंबित, प्रकरण दर्ज़

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले से शुक्रवार रात एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां कानून के एक रक्षक ने ही कई जिंदगियों को खतरे में डाल दिया। जावद थाने में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने शराब के नशे में अपनी तेज रफ्तार कार से कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना भड़भड़िया गांव की घाटी के पास हुई। मृतक की पहचान ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज के शिक्षक दशरथ सिंह (निवासी जावद) के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

एसपी ने की तत्काल कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमच के पुलिस अधीक्षक (SP) अंकित जायसवाल ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी ASI मनोज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार से मिली शराब की बोतल, लोगों में भारी गुस्सा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ASI मनोज यादव पूरी तरह नशे में धुत्त था और बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद जब लोगों ने कार की तलाशी ली, तो अंदर से शराब की बोतल और गिलास भी मिले। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोग आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

नवल सिंह सिसोदिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 

 

पूरी खबर का आधार जानने के लिए यह लिंक देखें

https://mpbreakingnews.in/madhya-pradesh/neemuch/neemuch-drunk-asi-car-accident-teacher-dead-four-injured-4557-836210

नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट