महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट रविवार को हैक कर लिया गया। हैकर्स ने अकाउंट हैक करने के बाद उस पर पाकिस्तान और तुर्की के झंडे वाली तस्वीरें पोस्ट कीं और एक लाइवस्ट्रीम भी चलाया। यह घटना उस समय हुई, जब भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का दूसरा मुकाबला खेला जाना था। घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और फॉलोअर्स के बीच हलचल मच गई। हालांकि, तकनीकी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अकाउंट को रिकवर कर लिया।
एकनाथ शिंदे के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि तकनीकी टीम ने बिना समय गंवाए अकाउंट का कंट्रोल दोबारा हासिल कर लिया। लगभग 30 से 45 मिनट की मशक्कत के बाद अकाउंट सुरक्षित कर दिया गया और अब यह सामान्य रूप से काम कर रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस दौरान अकाउंट से कोई संवेदनशील जानकारी लीक नहीं हुई है।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का एक्स अकाउंट हैक
जानकारी के अनुसार, हैकर्स ने न सिर्फ पाकिस्तान और तुर्की के झंडों की तस्वीरें पोस्ट कीं, बल्कि एक लाइवस्ट्रीम भी चलाया। यह देखते ही डिप्टी सीएम के सोशल मीडिया हैंडल को संभालने वाली टीम ने साइबर क्राइम पुलिस को सूचना दी और अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि फॉलोअर्स को लेकर फैली चिंता के बीच अब अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित है।
हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा की खामियों को उजागर कर दिया है। उपमुख्यमंत्री जैसे उच्च पदस्थ नेता का आधिकारिक अकाउंट हैक होना गंभीर सवाल खड़े करता है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र साइबर सेल अब इस मामले की जांच करेगी ताकि हैकिंग के पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सके। साइबर सेल यह भी जांचेगी कि हैकिंग भारत से हुई या विदेश से।
गौरतलब है कि भारत में साइबर अपराध और हैकिंग के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे हमलों की वजह से न सिर्फ बड़े नेताओं और संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, बल्कि देश को हर साल हजारों करोड़ रुपये का नुकसान भी होता है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट्स को सुरक्षित करने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और समय-समय पर पासवर्ड अपडेट करना बेहद जरूरी है।





