नीतेश राणे ने मुंब्रा में छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि के कार्यक्रम के दौरान बड़ा बयान दिया है। दरअसल महाराष्ट्र सरकार में मंत्री राणे ने कहा कि वह किसी ‘गोल टोपी और दाढ़ी वालों’ की वजह से विधायक नहीं बने हैं, बल्कि उन्हें हिंदू समाज ने चुनकर इस पद पर पहुंचाया है। वहीं उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल नीतेश राणे शुक्रवार 3 अप्रैल को ठाणे जिले के मुंब्रा में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि के अभिवादन एवं माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहीं इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह छाती ठोककर कहते हैं कि वह किसी ‘गोल टोपी और दाढ़ी वालों’ की वजह से विधायक नहीं बने हैं, बल्कि हिंदू समाज के समर्थन से इस पद तक पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें
हिंदू समाज को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए: नीतेश राणे
दरअसल नीतेश राणे ने अपने भाषण में कहा कि हिंदू समाज को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि हिंदू समाज का ‘तीसरा डोला’ खुल गया तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में कड़े संदेश और चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री ने कहा कि उन्हें वोटों की चिंता नहीं है, क्योंकि उन्हें हिंदू समाज की ताकत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी समुदाय के कुछ वोट कम भी होंगे तो हिंदू समाज के ज्यादा वोट मिल जाएंगे। उनके अनुसार हिंदू समाज की एकता और समर्थन ही उनकी राजनीतिक ताकत का आधार है।
मुंब्रा क्षेत्र में विभिन्न समुदायों की बड़ी आबादी रहती है
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि वह मंत्रालय में मंत्री के रूप में ही नहीं बल्कि एक हिंदू के रूप में लोगों के बीच आए हैं, ताकि समुदाय को ताकत और भरोसा दिया जा सके। वहीं कार्यक्रम के दौरान राणे ने मुंब्रा को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि यह किसी के पिता का मुंब्रा नहीं है, बल्कि यह हिंदू राष्ट्र की मुंब्रा देवी की भूमि है। उन्होंने कहा कि यहां सभा करने, भगवा झंडा फहराने या छत्रपति शिवाजी महाराज का जयघोष करने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है। राणे के इन बयानों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छिड़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि मुंब्रा क्षेत्र में विभिन्न समुदायों की बड़ी आबादी रहती है और ऐसे बयान क्षेत्र के सामाजिक-राजनीतिक माहौल को प्रभावित कर सकते हैं।