Hindi News

अब्दुल बासित के भारत पर हमले वाले बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी ने दिया कड़ा जवाब, कहा- ‘संकेत मिलते ही हम पहले एक्शन लेंगे’

Written by:Banshika Sharma
Published:
पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने एक टीवी डिबेट में अमेरिका द्वारा हमला किए जाने की काल्पनिक स्थिति में भारत पर हमला करने की बात कही। इस पर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठेगा और किसी भी संकेत पर पहले जवाब देगा।
अब्दुल बासित के भारत पर हमले वाले बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी ने दिया कड़ा जवाब, कहा- ‘संकेत मिलते ही हम पहले एक्शन लेंगे’

पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित के एक विवादास्पद बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है, जिस पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कड़ी आपत्ति जताई है। बासित ने एक टीवी डिबेट के दौरान यह कहकर सनसनी फैला दी कि यदि अमेरिका पाकिस्तान के परमाणु ठिकानों पर हमला करता है, तो पाकिस्तान बिना सोचे-समझे भारत पर हमला कर देगा।

इस ‘गीदड़भभकी’ पर पलटवार करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे हास्यास्पद करार दिया और चेतावनी दी कि भारत ऐसे किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अपनी सुरक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।

अब्दुल बासित ने क्या कहा था?

एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर बहस के दौरान, भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त रह चुके अब्दुल बासित ने एक काल्पनिक परिदृश्य पेश किया। उन्होंने कहा, “मान लीजिए, ईरान में हालात खराब होते हैं और इजरायल हमारे पड़ोस में आ जाता है। अगर अमेरिका हमारे न्यूक्लियर प्रोग्राम को बुरी नजर से देखता है या उसे तबाह करने की कोशिश करता है, जो कि नामुमकिन है…”

उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर ऐसी कोई स्थिति बनती है जहां अमेरिका पाकिस्तान पर हमला कर दे, तो पाकिस्तान के पास विकल्प सीमित होंगे। बासित ने कहा कि पाकिस्तान की मिसाइलों की पहुंच अमेरिका तक नहीं है और न ही वह इस क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों या इजरायल को निशाना बना सकता है।

“हमने तो देखिए, और कुछ नहीं करना। अगर हमारी रेंज अमेरिका तक न भी हुई और हम पर तो किसी ने बुरी नजर डाली, तो हमें तो बिना सोचे समझे भारत पर हमला कर देना है। मुंबई पर कर देना है, नई दिल्ली पर कर देना है। हमें तो छोड़ना नहीं है। देखी जाएगी, जो कुछ बाद में होता है।” — अब्दुल बासित, पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक

हालांकि, बाद में उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत भी ऐसी स्थिति नहीं चाहेगा और यह एक असंभव परिदृश्य है।

प्रियंका चतुर्वेदी का करारा जवाब

अब्दुल बासित के इस बयान पर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बयान बेहद हास्यास्पद है और यह दिखाता है कि पाकिस्तानी सत्ता में बैठे लोग भारत पर फोकस कर-करके अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।

“जो ये बोल रहे हैं इतना हास्यास्पद है। इनको लगता है भारत हाथ पर हाथ रखकर बैठा रहेगा… सबसे पहले तो ये जो अब्दुल बासित हैं, उनको बताएं कि भारत पर इतना फोकस डाल-डाल कर अपना मानसिक संतुलन सारे पाकिस्तानी खो बैठे हैं।” — प्रियंका चतुर्वेदी, सांसद, शिवसेना (UBT)

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, “इंडिया खुद सक्षम है। अगर हमें थोड़े भी संकेत लगे तो पाकिस्तान और अमेरिका से पहले इंडिया ही उनको जवाब देगा।” चतुर्वेदी ने साफ किया कि भारत किसी भी तरह की धमकी से डरने वाला नहीं है और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हमेशा तैयार है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews