मंदसौर| मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ में लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी को रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है| पटवारी के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत की गई थी कि जमीन नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है| जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने यह कार्रवाई की है|
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए गरोठ तहसील में पदस्थ पटवारी कमलेश खराड़िया को 5000 की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है| ढाकनी गांव के किसान बगदिराम से पटवारी ने जमीन नामांतरण को लेकर 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी| किसान ने इसकी शिकायत उज्जैन लोकायुक्त से की थी| जिसके बाद प्लान तैयार किया गया ओर शुक्रवार को पांच हजार की राशि लेकर किसान बगदिराम को पटवारी कमलेश खराड़िया के पास भेजा गया|
पटवारी ने जैसे ही बगदिराम से पांच हजार रुपए लिए लोकायुक्त की टीम ने रंगेहाथों पकड़ लिया| पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है| मौके पर डीएसपी वेदांत शर्मा, निरीक्षक दिनेश रावत, निरीक्षक हितेश पाटील की टीम ने यह र्कारवाई की।





