मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार 16 अक्टूबर को जन विश्वास अभियान-2026 के तहत मुरैना पहुंचेंगे। वहीं अपने एक दिवसीय दौरे में वे जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। साथ ही स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में उद्यम संवाद, जिला सलाहकार समिति की बैठक, यशस्वी संवाद और सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें उनका दोपहर 12:15 बजे मुरैना पहुंचने का कार्यक्रम तय है।

भोपाल से ग्वालियर होते हुए मुरैना पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

वहीं निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से विमान से रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे वे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 11:55 बजे हेलीकॉप्टर से मुरैना के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:15 बजे मुरैना हेलीपैड पर उतरेंगे। मुरैना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करना है। वे दोपहर 12:25 बजे केंद्र पहुंचेंगे। यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद दोपहर 12:55 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाएंगे। स्कूल में वे पढ़ाई और दूसरी व्यवस्थाओं को देखेंगे और विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।

जिला सलाहकार समिति की बैठक

दरअसल स्कूल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट में उद्यम संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके जरिए वे उद्यमियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक लेंगे। दौरे के अगले चरण में दोपहर 3 बजे एनआईसी कक्ष में यशस्वी संवाद कार्यक्रम होगा। वहीं दोपहर 3:25 बजे मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के बाद शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री मीडिया ब्रीफिंग करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 4:25 बजे कलेक्ट्रेट से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।

नितेंद्र शर्मा, मुरैना