मध्य प्रदेश पुलिस के एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो अपना दर्द बता रहा है और वरिष्ठ अफसरों से गुहार भी लगा रहा है, आरक्षक ने पुलिस महकमे के बड़े अफसरों के बंगलों के अन्दर की कहानी को उजागर करते हुए कहा है कि विभाग में छोटे कर्मचारी की कोई सुनवाई नहीं होती आखिर हम जाएँ तो कहा जाएँ?
वायरल वीडियो मुरैना में पदस्थ पुलिस आरक्षक रूप सिंह रावत का है, उसने इस वीडियो में जो बातें कही हैं वो बहुत कुछ सोचने पर मजबूर करती है और अफसरों के बंगलों पर होने वाले कर्मचारियों के कथित शोषण की कहानी भी उजागर करती हैं, आरक्षक का कहना है कि वो एसपी मुरैना समीर सौरभ के बंगले पर काम करता है किचिन में उसकी ड्यूटी रहती है, उसने प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप एसपी और उनकी पत्नी पर लगाये हैं।
मेरी किडनी में पथरी…साहब बोले छुट्टी नहीं मिलेगी
आरक्षक रूप सिंह रावत वीडियो में जो कह रहा है उसके मुताबिक वो बीमार है, उसने जाँच कराई है उसकी किडनी में सिस्ट है एक में पथरी है और उसे इलाज और आराम की जरुरत है, उसने कहा कि जब उसने एसपी साहब और मैडम को रिपोर्ट दिखाई तो उन्होंने कह दिया तुझे कुछ नहीं हुआ, मैंने कहा मैं और जाँच करा लेता हूँ मुझे छुट्टी दे दीजिये तो उन्होंने कहा काम करो छुट्टी नहीं मिलेगी और मेरा आवेदन फेंक दिया।
मैं झूठे बर्तन साफ़ कर रहा हूँ… कर दें बर्खास्त
आरक्षक रूप सिंह ने कहा कि अब मैं क्या करूँ, किसके यहाँ जाऊं, किस्से छुट्टी मांगू? रुंधे गले से आरक्षक ने कहा की यही मेरा अधिकार है? बीमारी में भी वरिष्ठ अधिकारी छुट्टी ना दें उसने आगे कहा अब मेरी वीडियो देखकर वरिष्ठ अधिकारी मुझे निलंबित या फिर बर्खास्त कर सकते हैं तो कर दें ..मैं बंगले में उनके झूठे बर्तन मांज रहा हूँ सब काम कर रहा हूँ और बीमारी में भी मुझे छुट्टी नहीं मिल रही मैं कहाँ जाऊं?






