Hindi News

अमित शाह का 3 दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरा, 5 फरवरी से सुरक्षा समीक्षा और विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

Written by:Rishabh Namdev
Published:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 फरवरी, 2026 से जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे, राजनीतिक दलों से मिलेंगे और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे.
अमित शाह का 3 दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरा, 5 फरवरी से सुरक्षा समीक्षा और विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार (5 फरवरी, 2026) से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं. इस अहम दौरे के दौरान वह सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा करने के साथ ही कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. शाह का यह दौरा सुरक्षा और विकास के दोहरे एजेंडे पर केंद्रित होगा.

जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री 5 फरवरी की शाम को जम्मू पहुंचेंगे. यहां पहुंचने के बाद वह जम्मू स्थित लोक भवन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ मुलाकात और बैठकें करेंगे. इस दौरान क्षेत्र के राजनीतिक हालात और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा का जायजा

अपने दौरे के दूसरे दिन, शुक्रवार (6 फरवरी) को अमित शाह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कठुआ जिले के हीरानगर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा करेंगे. वह सीमा पर सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों और मौजूदा स्थिति की समीक्षा करेंगे.

उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक

इसके बाद गृह मंत्री जम्मू में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खुफिया एजेंसियों (IB, RAW) के प्रमुख, सुरक्षा बलों के शीर्ष कमांडर और केंद्र शासित प्रदेश के नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में सीमा पार आतंकवाद और घुसपैठ जैसी चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा.

श्रीनगर में विकास को देंगे नई गति

दौरे के आखिरी दिन, शनिवार (7 फरवरी) को अमित शाह जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे. श्रीनगर में वह कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर क्षेत्र की जनता को सौगात देंगे. अपना कार्यक्रम पूरा करने के बाद वह श्रीनगर से ही छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे.

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews