School Holiday 2026: ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टी, जारी हुए आदेश, जानें किस राज्य में कब तक बंद रहेंगे स्कूल?

SCHOOL HOLIDAYS : देश के कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का सितम जारी है। गिरते तापमान और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए देश के कई राज्यों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। आइए जानते हैं किस राज्य में कब तक स्कूल बंद रहेंगे।
school holiday

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के स्कूली छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। गिरते तापमान, घने कोहरे और शीतलहर के चलते इन राज्यों की सरकार ने छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हैं। इसमें कुछ स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई गई हैं, तो कुछ में शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। ये छुट्टियां सभी निजी व सरकारी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होंगी।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 7 जनवरी 2026 को यूपी, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। यहां अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

राजस्थान के कई जिलों में 10 जनवरी तक स्कूल बंद

  • हनुमानगढ़ कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जिले के समस्त स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 10 जनवरी, 2026 तक अवकाश घोषित किया है। सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आईसीएसई, सीबीएसई, अनुदान प्राप्त और अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि शिक्षक स्कूल आकर विभागीय कार्य संपादित करेंगे।
  • सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा के आदेशानुसार, कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। झालावाड़ और सवाई माधोपुर में भी 10 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी।
  • जयपुर कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के आदेशानुसार, कक्षा 1 से 5वीं तक के छात्रों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा। वहीं कक्षा 6 से 8वीं तक के लिए 8 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। चूरू में कक्षा 5वीं तक के छात्रों का 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
  • जालौर में प्री प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
  • श्रीगंगानगर कलेक्टर मंजू शर्मा ने नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए 12 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। वहीं कक्षा 6 से 12वीं तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10:30 से दोपहर 3:00 बजे तक कर दिया गया है।

यूपी के इन जिलों में भी छुट्टी

  • गाजियाबाद में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल (निजी सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड और अन्य बोर्ड) 7 से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे।
  • आगरा जिले के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। पीलीभीत में 10 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
  • बरेली और कन्नौज में सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।
  • गौतमबुद्ध नगर और गाजीपुर में 10 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं का संचालन सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे तक किया जाएगा।
  • रायबरेली में कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में 8 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। हालांकि सुविधानुसार स्कूल प्रबंधन 6 से 8वीं के छात्रों को ऑनलाइन क्लास दे सकते हैं। यह आदेश जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा जारी किया गया है
  • लखीमपुर और फिरोजाबाद में कक्षा 12वीं तक स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश रहेगा‌। मथुरा और कासगंज में 14 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है।

हरियाणा-दिल्ली में 15 जनवरी तक स्कूल बंद

  • हरियाणा के विद्यालय शिक्षा निदेशालय के जारी सर्कुलर के तहत, सभी निजी और सरकारी स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्रों के लिए 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। शीतकालीन अवकाश के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए, पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार स्कूल बुलाया जा सकता है। सभी शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीनस्थ स्कूलों में आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • दिल्ली शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक एकेडमिक कैलेंडर के मुताबिक, शीतकालीन अवकाश के चलते सभी निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त स्कूल 15 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि वायु प्रदूषण या ठंड के चलते शेड्यूल बदल भी सकता है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अधिक जानकारी के लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और संबंधित स्कूल से भी संपर्क में रहें।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews