MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

असम में भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव, टूटे कार के शीशे, भाजपा पर लगाया आरोप

असम की नगांव लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए। गौरव गोगोई और भूपेश बघेल ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Bhupesh Baghel-Gaurav Gogoi Attack

असम की नगांव लोकसभा सीट पर 06 अक्टूबर को मतदान होने जा रहा है। इस सीट को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता क्षेत्र में प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। सोमवार को जब छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सांसद गौरव गोगोई चुनावी संबंधित कार्यक्रम के लिए लोरिमुख इलाके की ओर जा रहे थे तभी उनके काफिले पर पथराव का मामला सामने आया है। इस दौरान काफिले में कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

बताया गया है कि कुछ लोगों ने भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले को देखते हुए काले झंडे तक दिखाये। इतना ही नहीं ‘गो बैक’ के नारे लगाये गये। इसके बाद कांग्रेस काफिले की कुछ गाड़ियों पर पत्थरबाजी की बात सामने आई। घटनाक्रम के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। काफिले पर हमले के बाद मामला और भी गरमा गया है।

गौरव गोगोई ने हमले का वीडियो किया शेयर, सीएम सरमा पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद गोगोई ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि यह छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, AICC सचिव मनोज चौहान, उम्मीदवार शिवमणि बोरा, राज्य के नेताओं और मुझे ले जा रहे हमारे काफिले पर हुए हमले का साफ़ वीडियो है। उन्होंने निशाना साधते हुए आगे कहा कि बेशक मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा असम पुलिस को गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र भेज सकते हैं लेकिन अब वे असम के अंदर इन पत्थरबाज़ों को ढूंढने में पूरी तरह नाकाम रहेंगे। अचानक मुख्यमंत्री सरमा नाकाबिल होने की बात कहेंगे। गोगोई ने आगे कहा कि भारतीय चुनाव आयोग किसी भी ट्रांसफर या सस्पेंशन का ऑर्डर नहीं देगा।

भूपेश बघेल ने हमले को लेकर भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप

वहीं गौरव गोगोई के अलावा छग के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी एक्स पर पोस्ट शेयर कर हमले का भाजपा पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफ़िले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है। हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया। भीतर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि वह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे उस पर तो एसिड तक फेंका गया। गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे। मोटर साइकिलों पर बड़ी दूर तक हमारा पीछा तक किया गया। कुछ में भाजपा के झंडे भी लगे थे। बहुत ‌से साथी घायल हुए हैं। हमने थाने में रपट लिखाई है। फिर हम कलेक्टर और एसपी से भी मिले।

भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब: भूपेश बघेल

भूपेश बघेल ने आगे कहा कि आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफ़ाश हुआ है। एक सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी है क्योंकि आचार संहिता के बाद क़ानून व्यवस्था चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी होती है। भाजपा के इस हमले की वजह है लोकसभा उपचुनाव चुनाव में हारने का डर। न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
असम में भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव, टूटे कार के शीशे, भाजपा पर लगाया आरोप - MP Breaking News