Hindi News

कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगा प्रोत्साहन राशि का लाभ, खाते में आएगी 1500 तक राशि, ये रहेंगे नियम

Written by:Pooja Khodani
Published:
कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगा प्रोत्साहन राशि का लाभ, खाते में आएगी 1500 तक राशि, ये रहेंगे नियम

Employees incentive amount : उत्तराखंड के रोडवेज कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। होली से पहले राज्य परिवहन निगम ने अपने कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना जारी की है। इसके तहत बिना अवकाश लिए, निर्धारित लक्ष्य तक वाहन चलाने वाले चालक परिचालक को निगम 1250 से 1500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। इस संबंध में परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन ने आदेश जारी कर दिया है।

खास बात ये है कि यह योजना आज 4 मार्च से शुरू होकर 14 मार्च तक चलेगी। इससे करीब 5000 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। यह योजना निगम में कार्यरत सभी नियमित, संविदा, आउटसोर्स के चालक-परिचालकों पर लागू होगी।यह योजना अधिकारियों, उपाधिकारियों पर लागू नहीं होगी।

पढ़ें उत्तराखंड परिवहन निगम का आदेश

आदेश में कहा गया है कि सात व आठ मार्च को होली है, ऐसे में यात्रियों की भीड़ होगी। लिहाजा चालक, परिचालक, कार्यशाला के तकनीकी कर्मियों, आउटसोर्स कर्मियों व काउंटर पर बुकिंग करने वाले लिपिकों, पास आदि बनाने वाले लिपिकों को अधिक ड्यूटी के लिए प्रोत्साहित करने को यह योजना शुरू की गई है। अगर 11 दिन की अवधि में किसी नियमित चालक, परिचालक, तकनीकी कर्मचारी का साप्ताहिक अवकाश पड़ता है तो भत्ता योजना खत्म होने के बाद दिया जाएगा।

क्या है प्रोत्साहन योजना

दरअसल, होली पर्व के दौरान रोडवेज मुख्यालय की ओर से प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। 10 दिनों के लिए लागू इस प्रोत्साहन योजना के तह होली पर्व के दौरान जो चालक परिचालक वर्कशॉप के कर्मचारी काम करेंगे उन्हें प्रोत्साहन के रूप में कुछ ना कुछ राशि दी जाएगी। वही चालक परिचालक किलोमीटर से अधिक बसों को चलाएंगे तो उन्हें मुख्यालय की ओर से वेतन के अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ऐसे ही वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह योजना लागू होगी।

जानिए किसे कितनी मिलेगी प्रोत्साहन राशि

चालक-परिचालक के लिए-

  1. 75 प्रतिशत लोडफैक्टर से अधिक आय, 1 अवकाश लेकर 10 दिन ड्यूटी करने पर मैदानी मार्गों पर कम से कम 2420 किमी, मिश्रित मार्गों पर कम से कम 2000 किमी और केवल पर्वतीय मार्गों पर कम से कम 1800 किमी चलने वालों को 1250 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
  2. 75 प्रतिशत लोडफैक्टर से अधिक आय, एक भी अवकाश न लेकर 11 दिन ड्यूटी करने पर: मैदानी मार्गों पर कम से कम 2662 किमी, मिश्रित मार्गों पर कम से कम 2200 किमी और पर्वतीय मार्गों पर कम से कम 1980 किमी बस संचालन पर 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

होली ऑफर- होली के दिन जो भी चालक-परिचालक गाड़ी चलाएंगे उन्हें 300 रुपये और जिनका लोड फैक्टर 85 प्रतिशत से अधिक होगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।

इन्हें भी मिलेगा लाभ- कार्यशाला के तकनीकी कर्मियों, संचालन में लगे डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोर कीपर, काउंटर इन बुकिंग वाले लिपिक, पास बनाने वाले कर्मचारी, कार्यशाला के आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए डिपो का लोड फैक्टर 75 प्रतिशत से अधिक आय होने पर 11 दिन में से 10 दिन काम करने वालों को 1000 रुपये मिलेंगे जबकि आउटसोर्स कर्मियों को 10 दिन काम करने पर 750 रुपये प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews